Haryana Politics : हरियाणा में लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी रण में अब स्टार प्रचारकों के दौरों का दौर शुरू हो चुका है। शुक्रवार को देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह हरियाणा के जिला रोहतक स्थित आईटीआई मैदान में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली में पहुंचे। इस दौरान रैली में राजनाथ सिंह के अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बाबा मस्तनाथ मठ के महंत बाबा बालकनाथ सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। इससे पूर्व भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके बाद भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत दुनिया की 11वीं आर्थिक शक्ति बना था। 10 साल कांग्रेस के राज में भारत उस पायदान से आगे नहीं बढ़ सकता, लेकिन मोदी के 10 साल के कार्यकाल में भारत अब पांचवीं आर्थिक महाशक्ति है, जो वर्ष 2047 में दुनिया की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले भारत को दुनिया गंभीरता से नहीं लेती थी, अब कान खोलकर सुनती है। वर्ष 2027 तक देश महाशक्ति बन जाएगा। मोदी के नेतृत्व में भारत सीमा पार भी मार कर सकता है। वर्मा व बालाकोट इसका उदाहरण हैं।

राहुल की अमेठी से चुनाव लड़ने की नहीं हिम्मत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अमेठी से राहुल की चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं हुई। अब रण छोड़ने वालों को क्या कहते हैं, यह मुझसे बेहतर जनता जानती है। कहीं ऐसा न हो कि अमेठी का रण छोड़ने पर राहुल का नया नाम न पड़ जाए। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के साथ कांग्रेस भी खत्म हो जाएगी। देश की जनता महात्मा गांधी के उस सपने को पूरा करेगी, जब गांधी ने आजादी मिलने पर कहा था कि अब कांग्रेस की कोई जरूरत नहीं है।
कांग्रेस से किया सवाल, वह कैसी कर रहे हैं राजनीति
राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री अब ट्वीट करके कह रहे हैं कि राहुल आगे बढ़ रहे हैं। वह कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि वह कैसी राजनीति कर रही है। पाकिस्तान के पूर्व मंत्री उनकी तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला है। 10 साल में गरीबी को खत्म कर दिया जाएगा। सरकार ने किसानों का भी विशेष ख्याल रखा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से सीधा पैसा उनके खाते में जाता है।
कांग्रेस राज में खतरे में नहीं पड़ा लोकतंत्र
गुजरात के सूरत में भाजपा प्रत्याशी के सर्वसम्मति से चयन पर रक्षामंत्री ने कहा कि कांग्रेस राज में 20 प्रत्याशी सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए, तब लोकतंत्र खतरे में नहीं पड़ा। अब कांग्रेस कह रही कि लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देने की बात करती है, जो की संविधान के खिलाफ है। पुलवामा में भारतीय सैनिकों पर अटैक पर पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन ने कहा था कि यह अटैक पाकिस्तान ने करवाया है।

रक्षा मंत्री बोलें डॉ. अरविंद शर्मा दिग्गज आदमी
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रोहतक लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा से पूछा कि वह कितनी बार सांसद रह चुके हैं। डॉ. शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि वह चार बार सांसद रह चुके हैं। लगातार दूसरी बार रोहतक से चुनावी मैदान में उतरें हैं। इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि वह चौथी बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि अरविंद 4 बार सांसद रह चुके हैं। अब सोचिए कि डॉ. शर्मा कितने बड़े दिग्गज आदमी हैं।

	



