Haryana Politics : जननायक जनता पार्टी के शीर्ष नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने पर पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि निशान सिंह ने अब केवल पटका पहना है, पार्टी तो वह बहुत पहले ही छोड़ चुके थे। उन्होंने निशान सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कटाक्ष भी किया कि जो सम्मान उन्हें जजपा में मिला है, क्या उन्हें कांग्रेस में भी मिल पाएगा। यह बातें दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा के जिला रोहतक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
उन्होंने जारी हुई जजपा लोकसभा प्रत्याशियों की सूची पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जजपा ने सभी वर्गों का ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग या महिला हो, सभी वर्गों को टिकट दिया गया है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भाजपा के बीच में साठ-गांठ का आरोप भी लगाया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में बाप-बेटे की पार्टी बनकर रह गई है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा पुत्र मोह में नेताओं का बलिदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण करण दलाल, कुलदीप शर्मा और किरण चौधरी है। अनेक ऐसे उदाहरण है, जिसके चलते भूपेंद्र सिंह ने भाजपा के साथ साठ-गांठ की है और कांग्रेस के नेताओं का बलिदान दिया है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पुत्र मोह में नेताओं का बलिदान देना कोई सीखे, तो वो भूपेंद्र हुड्डा से सीखे। अपनों का सत्यानाश करने में भूपेंद्र हुड्डा पीएचडी हैं। आने वाले दिनों में वह कांग्रेस का सत्यानाश करेंगे। सिर्फ पुत्र मोह के चलते उन्होंने अपने मामा के छोरे भाई चौधरी बीरेंद्र के बेटे बृजेंद्र का भी टिकट काट दिया। इस बार रोहतक सीट पर भी कांग्रेस लाखों वोट के अंतर से हारेगी। दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि करनाल सीट पर भी वह भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल की मदद कर रहे हैं। दरअसल कांग्रेस में हिसार, फरीदाबाद और भिवानी महेंद्रगढ़ सीटों पर विरोध हो रहा है।
दुष्यंत चौटाला ने भाजपा और पार्टी नेताओं के हो रहे विरोध पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले लोग कांग्रेस के समर्थक हैं और उनका कोई विरोध नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा भारतीय जनता पार्टी के बीच में मैच फिक्स किए हुए हैं, ताकि ईडी और सीबीआई का डर न हो। उन्होंने कहा कि भाजपा 400 नहीं, बल्कि 250 का आंकड़ा मुश्किल से पार कर पाएगी।