Lok Sabha Elections 2024 : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति जग जाहिर है। जिसमें फूट चर्म पर है और इसका लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा। भाजपा ने प्रदेश और केंद्र में सरकार रहते हुए विभिन्न वर्गों के लिए कल्याणकारी कार्य किए हैं। यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को रोहतक स्थित एक बैंकेट हॉल में मनोहर संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत युवा चौपाल कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने सम्मेलन में आए युवाओं से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील भी की।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में बाप-बेटा दोनों के हारने से भूपेंद्र हुड्डा घबराए हुए हैं। वह केवल अपने बेटे को जिताने के लिए ही प्रयास कर रहे हैं, बाकी कांग्रेस तो खत्म हो चुकी है। मनोहर लाल ने भाजपा छोड़ कांग्रेस में जाने वाले पिता-पुत्र पर कहा कि बीरेंद्र सिंह जब पार्टी छोड़ रहे थे तो उनको बताया गया था कि आप जो निर्णय ले रहे हो, वह ठीक नहीं है। अब उनके बेटे को टिकट नहीं मिली तो यह तो उनका निजी मामला है।

वहीं मनोहर लाल ने जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के बयान पर भी पलटवार किया है। उन्होंने (अजय चौटाला के बयान कि अगर दुष्यंत की जांच होगी तो उस समय के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जांच भी होनी चाहिए) पर कहा कि दुष्यंत के कार्यकाल की जांच की मांग अजय चौटाला के ही छोटे शहजादे ने उठाई थी। हम जांच के लिए तैयार हैं। दोषी वह हैं या हम, यह जांच में साफ हो जाएगा, लेकिन जांच की मांग करने के बाद अब जजपा वाले भाग क्यों रहे हैं। अगर किसी के खिलाफ कोई शिकायत आएगी तो जांच जरूर करवाई जाएगी। हम जांच से डरने वाले नहीं।

मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा के कार्यक्रम में सो कॉल्ड लोग ही विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वह किसान आंदोलन के माहिर नेता मानते हैं, लेकिन किसान आंदोलन जिस तरह से चलाया गया, वह नहीं चल पाया। अब वह कार्यक्रम में आकर विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस के बयान पर (जिसमें अपने उम्मीदवारों को कांग्रेस ने जिताऊ उम्मीदवार बताया था) कहा कि अब चुनाव लड़ने का अलग ही मजा आएगा, लेकिन कांग्रेस में जिस तरह से खींचतान चल रही है, वह किसी से छुपी नहीं है। मनोहर लाल ने कहा कि उनका यह कार्यक्रम सफल रहा है। जिसमें युवाओं को हर एक वर्ग के लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया गया। युवाओं ने अब मजबूती से चुनाव में काम करने की बात कही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 10 लोकसभा और सभी विधानसभा सीटों पर कमल खिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों में कोई और विरोध नहीं कर रहा है, यह किसान आंदोलन के असफलता है, जो विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोहतक की लोकसभा सीट का आने वाले विधानसभा चुनाव का फर्क पड़ेगा। लेकिन भाजपा पहले लोकसभा जीतेगी और उसके बाद विधानसभा में भी अपनी जीत दर्ज करवाएगी।





