Haryana Politics : हरियाणा में भाजपा को जोर का झटका धीरे से लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने सोमवार को भाजपा को त्यागने के बाद आज कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। उनके साथ उनकी पत्नी प्रेमलता भी कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। वहीं पिछले मार्च माह में बीरेंद्र सिंह के बेटे एवं हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह भी भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह मंगलवार को दिल्ली में पत्नी प्रेमलता के साथ कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। वहीं साथ खड़े पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तालियां बजाई। बता दें कि बीरेंद्र सिंह की 10 साल बाद घर वापसी हुई है। उन्होंने बीते सोमवार भाजपा को अलविदा कहा था, जबकि उनके बेटे सांसद बृजेंद्र सिंह करीब एक महीना पहले कांग्रेस का हाथ पकड़ चुके हैं। वहीं कांग्रेस में वापसी पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह सिर्फ मेरी घर वापसी नहीं, बल्कि विचार वापसी भी है। बीरेंद्र सिंह और प्रेमलता का कांग्रेस में स्वागत करते हुए पार्टी नेता मुकुल वासनिक ने कहा कि बीरेंद्र सिंह के पार्टी में शामिल होने से यकीन है कि हरियाणा में कांग्रेस मजबूत होगी और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने में मदद मिलेगी।

इस दौरान हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीरेंद्र सिंह के दोबारा पार्टी में शामिल होने से उन्होंने सदियों पुरानी कहावत को सच साबित कर दिया है कि पूर्व या पश्चिम, घर सबसे अच्छा है। वह मेरे बड़े भाई हैं और मैं उनके कांग्रेस में वापस आने से बहुत खुश हूं। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमें एकता का प्रदर्शन करते हुए अपनी ताकत बढ़ाने की जरूरत है और तभी हम लोकतंत्र और संविधान को बचा पाएंगे। वहीं एआईसीसी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह मेरे लिए एक भावनात्मक क्षण है और मैं पार्टी में उनका स्वागत करता हूं।

वहीं बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा हरियाणा में विपक्ष के नेता हीं नहीं, वह 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं। वह मेरी बुआ का छोरा है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि 52 साल हो गए हैं मुझे इस धंधे में। मैं अच्छा ज्योतिषी बन सकता हूं। मेरे हरियाणा के नेता एक दिन टाइम दे दो। मैं उस दिन एक-डेढ़ लाख इकट्ठा कर दूंगा। इनका बोरिया बिस्तर गोल कर दूंगा। इस अवसर पर कुमारी शैलजा, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी, पंजाब की पूर्व उप मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल और एआईसीसी ओबीसी सेल के प्रमुख कैप्टन अजय सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।