Haryana Politics : हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो गए हैं। इसी बीच कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले ओलंपिक पदक विजेता एवं बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने वोट कर सोशल मीडिया पर स्याही लगी उंगली वाली फोटो पोस्ट की। उन्होंने कैप्शन में उन्होंने लिखा कि मेरा वोट जवान के लिए, किसान के लिए। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस विजेंद्र सिंह की पोस्ट पर चुटकी लेते हुए तंज कसती नजर आई है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि हरियाणा कांग्रेस ने विजेंद्र सिंह की चुटकी इसलिए ली है कि कुछ समय पहले तक वह कांग्रेस के साथ था, लेकिन लोकसभा चुनाव के तहत आचार संहिता लागू होने के 20वें दिन ही उन्होंने देश की सबसे पुरानी पार्टी को बड़ा झटका दिया था। वहीं हरियाणा कांग्रेस ने बॉक्सर विजेंद्र सिंह का पोस्ट शेयर कर लिखा कि धन्यवाद बॉक्सर भाई, हम समझ गए।

बता दें कि ओलंपिक मेडलिस्ट एवं राहुल गांधी के बेहद करीबियों में शामिल बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने 3 अप्रैल 2024 को कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का कमल थाम लिया था। विजेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में भगवा पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया था। विजेंद्र सिंह ने भाजपा में शामिल होने पर कहा था कि उन्होंने यह फैसला भारत को विकसित राष्ट्रों की कतार लाने के मकसद से लिया।

गौरतलब है कि ओलंपिक में पदक जीतने पर बॉक्सर विजेंद्र को वर्ष 2009 में राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा गया था। उन्होंने 2008 के बीजिंग ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। ओलंपिक बॉक्सिंग में कांस्य पदक जीतने वाले वह पहले भारतीय मुक्केबाज थे। विजेंद्र बीजिंग ओलिंपिक्स में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय एथलीट थे।