Jind में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा(Bhupendra Hooda) ने बीजेपी(BJP) पर खूब भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस(Congress) ने लोकसभा चुनाव जीत लिया है, लेकिन असली चुनौती अब तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में है। उन्होंने वादा किया कि अगर हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनी तो परिवार पहचान पत्र(PPP), प्रॉपर्टी आईडी और मेरी फसल मेरा ब्योरा जैसी योजनाओं को खत्म कर देंगे। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी और हिसार सांसद जयप्रकाश (जेपी) भी मौजूद थे।
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पूरे प्रदेश में जींद जिला एकमात्र ऐसा है, जहां से कांग्रेस को तीन सांसद मिले हैं। इन सांसदों में सोनीपत, हिसार और सिरसा लोकसभा क्षेत्र के सांसद शामिल हैं। हुड्डा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि तीन महीने बाद होने वाले चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि जो लोग 2022 तक आमदनी दोगुनी करने का वादा कर रहे थे, उन्होंने आमदनी तो नहीं बढ़ाई, बल्कि लागत कई गुणा बढ़ा दी। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में हरियाणा बेरोजगारी, महंगाई और अपराध में पहले नंबर पर पहुंच गया है। पहलवान बेटियों को अब तक न्याय नहीं मिला है।

हुड्डा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इन बातों को घर-घर पहुंचाएं ताकि लोग भाजपा की जन विरोधी नीतियों को समझ सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर जनता को क्या फायदे होंगे, यह भी बताएं। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो बुजुर्गों की पेंशन 6 हजार रुपए कर दी जाएगी। पहली कैबिनेट मीटिंग में पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। गरीबों को 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे। प्रदेश में दो लाख पक्की भर्तियां करेंगे। गैस सिलेंडर 500 रुपए का किया जाएगा। 100 गज के प्लाट के अलावा दो कमरे बनाकर भी देंगे। 25 लाख रुपए तक इलाज की मुफ्त सुविधा देंगे। PPP, प्रॉपर्टी आईडी और मेरी फसल मेरा ब्योरा से छुटकारा दिलाएंगे।
कौशल निगम बना भ्रष्टाचार का अड्डा
हुड्डा ने कहा कि अगर जींद के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस जीतती है, तो हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा कौशल निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं और कार्यालयों में कर्मचारी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का कोई भी ऐसा काम नहीं है, जो गिनाया जा सके। अब इस सरकार से छुटकारा पाने का समय आ गया है।
नेताओं ने गलत किया प्रचार : जेपी
हिसार के सांसद जयप्रकाश (जेपी) ने कहा कि जींद के लोग पहले भी उनके साथ थे और आज भी हैं। बीच में जींद के ही कुछ नेताओं ने लोभ, लालच और स्वार्थ के कारण गलत प्रचार किया। उन्होंने बताया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री रहते हरियाणा में कई यूनिवर्सिटी दीं। जब जींद की यूनिवर्सिटी का शिलान्यास हुआ, तो कुछ कांग्रेस नेता वहां नहीं पहुंचे थे।

	





