हरियाणा में बाढ़ पर छिड़ी राजनीति, केजरीवाल के बयान पर भड़के हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज

अंबाला राजनीति हरियाणा की बड़ी खबर

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बयानी हमला किया। उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाना केजरीवाल की आदत में शामिल है।

गृह मंत्री ने कहा कि पानी का तो स्वभाव है ऊपर से नीचे ही जाएगा और हथिनी कुंड से दिल्ली काफी नीचे है। बता दें कि दिल्ली में यमुना के जलस्तर बढ़ने को लेकर केजरीवाल द्वारा दिए गए बयान का जवाब अनिल विज ने पलटवार करते हुए दिया है।

“केजरीवाल की आदत में शामिल है दूसरों पर आरोप लगाओ” – गृह मंत्री अनिल विज

Whatsapp Channel Join

अरविंद ने अपने बयान में कहा कि हरियाणा द्वारा जानबूझकर दिल्ली की ओर पानी छोड़ा गया है। इस पर गृह मंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश में भी बाहर से हिमाचल प्रदेश और पंजाब से पानी आया है। हम तो दोषारोपण नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम इस पानी की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “केजरीवाल जी तो बहुत समझदार हैं, बहुत बुद्धिमान है, वह पानी का स्वभाव ही बदल दे, पानी नीचे ना आए बल्कि ऊपर ही चला जाए।

क्या हम जानबूझकर अपने ही जिलों में पानी छोड़ेंगे?

यमुना के पानी को लेकर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री के बयान के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में विज ने कहा कि यमुना के किनारे हरियाणा के भी शहर और गांव है। उनमें भी उतना ही पानी आया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली तो सिर्फ 6 किलोमीटर है। दिल्ली से निकलने के बाद यमुना का पानी हरियाणा में ही जाता है। क्या हम जानबूझकर अपने ही जिलों में पानी छोड़ेंगे।