Priyanka Gandhi in Haryana

Priyanka Gandhi in Haryana : 36 मिनट में मजदूर से लेकर व्यापारी वर्ग तक को साधा, एमएसपी-अग्निवीर-नौकरी-वेतन-जीएसटी पर किया वादा

राजनीति पानीपत

Priyanka Gandhi in Haryana : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पानीपत की नई अनाज मंडी में आयोजित न्याय संकल्प रैली में मजदूर से लेकर महिला, युवा, किसान और व्यापारी सहित हर वर्ग को साधने का काम किया। उन्होंने अपने 36 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला किया और उनको किसानों और युवाओं का विरोधी बताया। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन की सरकार आती है तो किसान का एमएसपी का कानून बनाया जाएगा। उनको एमएसपी का कानूनी अधिकार रहेगा। खेती के सामान पर जीएसटी को खत्म कर दिया जाएगा।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कर्ज माफी के लिए आयोग बनाया जाएगा। यहां हर सुविधा किसान ले सकेंगे। किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा 30 दिन में मिल जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि परिवार की सबसे बड़ी महिला के खाते में हर महीने 8500 रुपये पहुंचेंगे। कांग्रेस की कर्नाटक और तेलंगाना सरकार ऐसे पहले कर रही है। दोनों प्रदेशों में हर महीने 2000 रुपये महिला के खाते में आ रहे हैं। इसके अलावा आशा और मिड डे मील वर्कर का मानदेय बढ़ाया जाएगा। केंद्र की नौकरियों में महिलाओं का आरक्षण 50 फीसदी किया जाएगा। पेपर लीक के मामले को लेकर के सख्त कानून बनाए जाएगा और 30 लाख खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निवीर को पहली कलम से खत्म किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने करनाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा के लिए प्रचार किया और उन्हें वोट देने की अपील की।

प्रियंका 5

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो भी नीतियां बनाई हैं, वह सिर्फ अरबपतियों के लिए हैं। मोदी ने देश के किसानों को आतंकवादी-देशद्रोही कहा, वह देशभक्त कैसे हैं? यह देश आपका है। जिन्होंने आपको दिल्ली जाने से रोका, आप उन्हें दिल्ली से निकाल फेंको। उधर सिरसा में रोड शो के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा के खिलाफ एक लहर है। पूरे देश में अंडर करंट है, लोग इनकी राजनीति से थक चुके हैं। यह सत्ता की राजनीति करते हैं, सत्ता के लिए यह कुछ भी कर सकते हैं। यह जनता को नकारने वाली राजनीति है। देश में बेरोजगारी बहुत हो चुकी है, महंगाई बहुत हो चुकी है, लोग थक चुके हैं, और बदलाव आएगा।

Whatsapp Channel Join

प्रियंका 3 1

प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरे भाई (राहुल गांधी) ने जो यात्रा की है, उससे यह पता चला है कि इन लोगों ने कितना न्याय लोगों के साथ किया है। उन्होंने कहा कि इन्होंने जो 10 साल में किया है, आपको भूलना नहीं है। याद करिए वो दिन जब इन्होंने आप पर लाठियां बरसाई, यह जो आप टीवी पर देख रहे हैं, वह आप में नहीं दिख रही है। आज यह इतने अहंकारी हो गए हैं कि हमें 400 सीटें मिलेंगी तो ये संविधान बदल डालेंगे। यह कौन होते हैं संविधान बदलने वाले, इसलिए आप समझ लीजिए, इन्होंने सिर्फ लोकतंत्र को कमजोर किया है। संविधान आपका सुरक्षा का कवच है, इन पर अब भरोसा नहीं कर सकते। इनकी पूरी राजनीति 36 कौमों को खत्म करना है।

प्रियंका 1 2

प्रियंका गांधी ने कहा कि पानीपत का जो हैंडलूम है, इनका क्या हुआ। यह नोटबंदी लेकर आए, आपको कतारों में खड़ा कर दिया। इससे आम जनता और छोटे कारोबारियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। मोदी ने कहा कि कालाधन आएगा, लेकिन कोई कालाधन नहीं आएगा। फिर यह जीएसटी ले आए, अब इसके लिए हर व्यापारी को एक अकाउंटेंट रखना पड़ता है। व्यापारियों की कमाई कम हो रही है। बड़ी-बड़ी बातें करते हैं कि महिलाओं के लिए आरक्षण लाए, यह ऐसा आरक्षण है, जो 10 साल तक लागू नहीं होगा। हमारी महिला पहलवानों के साथ अभद्र व्यवहार होता है तो मोदी कहां छिप जाते हैं। जब वह मैडल लेकर आती हैं तो उन्हें घर बुलाकर साथ में फोटो खिंचवाते हैं।

प्रियंका रोड शो 2

प्रियंका गांधी ने कहा कि वह महिला पहलवानों से मिली तो उन्होंने कहा कि मैंने देश को गौरवान्वित किया है, लेकिन सड़क पर बैठने के बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। मेरी लड़की ने हरियाणा में बास्केटबॉल की प्रैक्टिस की, लेकिन वह जब मुझे फोन करती थी तो वह कहती थी कि बहुत मुश्किल होता है मम्मी। मैंने अपनी बेटी से कहा कि बेटी इन गांव के बच्चों को देखो, इनसे सीखो। इतनी मेहनत करती हैं। आपकी बेटियां ओलिंपिक में जाने के लिए कितनी मेहनत करती हैं, लेकिन मोदी के पास इतना टाइम नहीं है कि वह इन लड़कियों को बुलाकर उनका दुख सुन सकें।

अन्य खबरें