Lok Sabha Elections 2024 : हरियाणा में हिसार लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में किसान वीरवार को गांव गोरछी में कार्यक्रम के दौरान झंडे लेकर पहुंचे। इस दौरान किसानों ने भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला से सवाल-जबाब करने का प्रयास किया, लेकिन कार्यक्रम के दौरान हंगामा होता देख भाजपा प्रत्याशी जल्द ही वहां से गांव सरसाना की ओर निकल गए। वहीं कार्यक्रम के दौरान किसानों ने नारेबाजी कर रोष भी जताया। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
इस दौरान किसान नेता अनिल गोरछी ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला का हिसार के गांव गोरछी में चुनावी दौरा था। गांव के चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 80 किसान सूचना मिलने पर यूनियन के झंडे लेकर वहां पहुंच गए। इसके बाद किसान रणजीत चौटाला के कार्यक्रम में पहुंच गए। किसान नेता के अनुसार कार्यक्रम में किसानों ने भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला से सवाल करने शुरू किए। जिस पर रणजीत चौटाला ने कहा कि भाषण के बाद वह किसानों के सवालों का जबाब देंगे।
इस दौरान पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति से जुड़े किसान कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर जाकर खड़े हो गए। इसके बाद कुछ ही मिनटों में रणजीत चौटाला ने अपना भाषण समाप्त किया और वहां से गाड़ी में बैठकर निकल गए। वहीं किसानों का कहना है कि रणजीत चौटाला उनके सवालों के जबाब दिए बिना ही वहां से चले गए। ऐसे में जब भी वह गांव में आएंगे तो उनसे किसानों के जुड़े मुद्दे पर सवाल कर जबाब मांगा जाएगा।
बता दें कि गत दिनों गांव मिर्जापुर में भी ग्रामीणों ने भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला का विरोध किया था। इस दौरान गली में ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर किसानों ने काफिले को रोक दिया था और जमकर नारेबाजी की थी। इतना ही नहीं, इससे पहले भी हिसार के कई गांवों में भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह चौटाला का विरोध हो चुका है। साथ ही भाजपा के कई अन्य उम्मीदवारों को भी चुनाव प्रचार के दौरान किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा है।

