Haryana Lok Sabha Elections 2024 : हरियाणा में 10 लोकसभा सीटों के साथ करनाल विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए जल्द वोटिंग होनी है। ऐसे में भाजपा ने चुनाव प्रचार करने के लिए 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट को जारी की है। जारी की गई लिस्ट में भाजपा के दिग्गज चेहरों के अलावा नाराज चल रहे पार्टी नेताओं का नाम भी शामिल किया गया है। इन स्टार प्रचारकों की रैलियों को लेकर हरियाणा भाजपा में मंथन का दौर शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि चुनाव को लेकर हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा 4 राज्यों के मुख्यमंत्री दौरा करेंगे।
बता दें कि देर रात जिला रोहतक में मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया के साथ अन्य बड़े नेताओं ने मंथन किया। करीब 2 घंटे चली इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हरियाणा में दो बार बुलाने पर चर्चा हुई। साथ ही भाजपा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नूंह हिंसा वाली सीट गुरुग्राम में भाजपा डिमांड कर रही है। इसके अलावा वह अंबाला में भी प्रचार कर सकते हैं। हरियाणा के स्थानीय नेताओं की रैलियों को लेकर भी शेड्यूल बनाए जाने को लेकर चर्चा की गई है। रोहतक में देर रात हुई बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, लोकसभा चुनाव सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्या सुधा यादव, लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक सुभाष बराला, संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, अर्चना गुप्ता मौजूद रहे।

बता दें कि 40 नामों वाली भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीयाध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम शामिल है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, मनजिंदर सिंह सिरसा, भूपेंद्र यादव, सुधा यादव, ओमप्रकाश धनखड़, सतीश पूनिया, सुरेंद्र नागर, नवीन जिंदल, सुभाष बराला, कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह, फणींद्र नाथ शर्मा, कंवर पाल गुर्जर, रामविलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, मूलचंद शर्मा, जेपी दलाल, बनवारी लाल, सुभाष सुधा, सीमा त्रिखा, विशंबर वाल्मीकि, रणबीर गंगवा, रामचंद्र जांगड़ा, सुनीता दुग्गल और अशोक तंवर को पार्टी ने हरियाणा के लिए स्टार प्रचारक बनाया है।

हरियाणा में नाराज चल रहे नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी
लोकसभा चुनाव के चलते हरियाणा में नाराज चल रहे भाजपा नेताओं को भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह मिली है। पूर्व गृह मंत्री अनिल विज और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई को भी पार्टी ने अपना स्टार प्रचारक बनाया है। बता दें कि हरियाणा के जिला हिसार से लोकसभा का प्रत्याशी न बनाए जाने पर कुलदीप बिश्नोई नाराज चल रहे थे, लेकिन बाद में उनकी नाराजगी को दूर करने के लिए पार्टी ने उनके विधायक बेटे भव्य बिश्नोई को पार्टी में अहम जिम्मेदारी देते हुए हरियाणा भाजपा युवा मोर्चे का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं हरियाणा में सीएम फेस बदले जाने के बाद से नाराज चल रहे पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को भी भाजपा ने अपना स्टार प्रचारक बनाया है। इतना ही नहीं, हरियाणा के मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी पार्टी ने स्टार प्रचारक की सूची में शामिल किया है।

शेष विधानसभाओं में इस सप्ताह पूरी होंगी रैलियां
बैठक में चुनाव प्रभारी ने विजय संकल्प रैलियों के संबंध में भी जानकारी ली। इसके अलावा केंद्रीय नेताओं की रैलियों के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि 90 विधानसभाओं में से लगभग 45 विधानसभाओं में विजय संकल्प रैलियां हो चुकी हैं। शेष विधानसभाओं में भी इन रैलियों को इस हफ्ते पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद स्टार प्रचारकों की रैलियों का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। डिमांड के हिसाब से ही यह शेड्यूल तैयार किया जाएगा। विजय संकल्प रैलियों के साथ-साथ अपने प्रत्याशियों के नामांकन कराने में जुटी भाजपा ने एक के बाद एक बैठकों के जरिए रणनीति को और पुख्ता करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।





