Punjab के सीएम भगवंत सिंह मान ने इस उपचुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार, सीएम मान अब चुनाव संपन्न होने तक जालंधर कैंट के दीप नगर में किराए के मकान में रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और बहन मनप्रीत कौर भी रहेंगी। यह निर्णय चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद लिया गया है।
लोकसभा चुनाव में मिशन 13-0 की विफलता के बाद आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की साख दांव पर है। पार्टी ने केवल 3 लोकसभा सीटें जीती हैं, और अब जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट का उपचुनाव ही आप की छवि सुधार सकता है।
2027 के विधानसभा चुनाव तक रहेगा ठिकाना
यह नया ठिकाना सिर्फ उपचुनाव तक ही नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक रहेगा। जानकारी के अनुसार, सीएम मान हफ्ते में तीन दिन इसी घर में रहेंगे। इससे वे दोआबा और मांझा इलाके के नेताओं और लोगों के साथ नजदीकी संपर्क में रह सकेंगे। ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम को भी इससे बढ़ावा मिलेगा। लोकसभा उपचुनाव के दौरान सीएम मान और उनकी टीम होटलों में रुकी थी, लेकिन इस बार उन्होंने जालंधर में किराए पर घर लेने का फैसला किया है।
भगत चुन्नी लाल के बेटे प्रमुख दावेदार
जालंधर वेस्ट उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस्तीफा देने वाले विधायक शीतल अंगुराल (अब बीजेपी में) आप के ही थे। उन्होंने बीजेपी जॉइन कर ली थी, जिसके बाद उपचुनाव हो रहे हैं। 14 जून से 21 जून तक सभी पार्टियों के नेता नामांकन भरेंगे।
आम आदमी पार्टी के प्रमुख दावेदार भगत चुन्नी लाल के बेटे मोहिंदर भगत हैं। हालांकि, आप के कई अन्य नेता भी इस सीट के लिए दावेदारी पेश कर चुके हैं, जिनमें जिला संयोजक स्टीवन क्लेर और जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह शामिल हैं।
पंजाब विधानसभा में आप की ताकत
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। मार्च 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने 92 सीटें जीती थीं, कांग्रेस को 18 सीटें मिली थीं, और 7 सीटें अन्य दलों के खाते में गई थीं। विधानसभा चुनाव में आप की लहर ऐसी थी कि कई अनुभवहीन उम्मीदवार भी जीत गए।