weather 36

114 साल की उम्र में ‘टर्बन टॉरनेडो’ फौजा सिंह का निधन, सड़क हादसे में गई जान

पंजाब
  • 114 वर्षीय मशहूर मैराथन धावक फौजा सिंह का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।
  • उन्होंने 80 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया और 100 साल की उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाए।
  • उनके निधन पर प्रधानमंत्री मोदी समेत देशभर में शोक, पंजाब विधानसभा और प्रशासन ने श्रद्धांजलि दी।

दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक और ‘टर्बन टॉरनेडो’ के नाम से मशहूर फौजा सिंह का सोमवार रात निधन हो गया। उनकी उम्र 114 वर्ष थी। जालंधर के ब्यास गांव में सैर के दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उन्हें सिर, छाती और पसलियों पर गंभीर चोटें आईं। इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां ICU में शिफ्ट करने के कुछ ही देर बाद उनकी सांसें थम गईं।

फौजा सिंह का जन्म 1911 में हुआ था। उन्होंने 80 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया और जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल की। उन्होंने 89 साल की उम्र में गंभीरता से ट्रेनिंग शुरू की और 90 की उम्र में लंदन मैराथन पूरी की। वह 100 वर्ष की उम्र में मैराथन पूरी करने वाले पहले व्यक्ति माने जाते हैं। 2011 में टोरंटो में आयोजित एक इवेंट में उन्होंने 100+ कैटेगरी में एक ही दिन में आठ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए। वह 2012 के लंदन ओलिंपिक में मशालवाहक भी रहे।

उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शोक जताया और उन्हें ‘फिटनेस की मिसाल’ और ‘दृढ़ संकल्प का प्रतीक’ बताया। पंजाब विधानसभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। जालंधर प्रशासन ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिसंबर 2024 में आयोजित ‘नशा मुक्त रंगला पंजाब’ मार्च में उनकी सहभागिता प्रेरणास्पद रही थी।

Whatsapp Channel Join

फौजा सिंह के पास ब्रिटेन की नागरिकता थी, लेकिन वे अपने बेटे और बहू के साथ जालंधर में रहते थे। हादसे के समय वह रोज की तरह सैर के लिए निकले थे। बेटे धरमिंदर सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस वाहन की पहचान में जुटी है। परिजनों के विदेश से लौटने के बाद 3 दिन में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था, “पिंड मेरे लिए सबकुछ है, मरूं तो अपने देश और अपने गांव में ही मरूं।” उनके इस सपने ने अंततः सच रूप लिया। फौजा सिंह आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी प्रेरणादायक जीवन यात्रा अनगिनत लोगों को फिटनेस, साहस और संकल्प की मिसाल देती रहेगी।