कनाडा में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स में हरियाणा पुलिस की इंस्पेक्टर नेहा राठी ने गोल्ड मेडल जीतकर पूरे देश का नाम रोशन किया। नेहा का फरीदाबाद पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा और डीसीपी सेंट्रल पूजा वशिष्ठ ने प्रशंसा पत्र व श्रीमद् भगवत गीता भेंट कर सम्मानित किया। डीसीपी ने नेहा राठी को प्रोत्साहित करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी।
कुश्ती में जीता गोल्ड
पुलिस प्रवक्ता सुबे सिंह ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस की इंस्पेक्टर नेहा राठी ने कनाडा के शहर विनीपैक में 28 जुलाई से 7 अगस्त तक आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स में कुश्ती में गोल्ड मेडल जीता। उनेहोंने कहा कि भारत देश के साथ-साथ नेहा ने फरीदाबाद पुलिस का नाम भी रोशन किया है। पुलिस आयुक्त ने उनकी खेल प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार हरियाणा पुलिस का का नाम रोशन करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

पिता और बेटी दोनों अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित
नेहा राठी का जन्म रोहतक के गांव भापरोदा में हुआ। यह गांव अब झज्जर जिले में है। नेहा राठी के पिता अर्जुन अवॉर्डी पहलवान जगरुप सिंह है जो हरियाणा पुलिस में आईपीएस अधिकारी के रुप में रिटायर्ड हुए हैं। नेहा के पिता ही उनके गुरु हैं जिन्होंने उन्हें दाव पेंच सिखाए और उनकी देखरेख में नेहा राठी ने अपने खेल को आगे बढ़ाया।
नेहा ने कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह भी एक रिकार्ड की बात है कि एक ही घर से पिता व पुत्री दोनों को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया हो। नेहा राठी ने स्पोर्ट्स कोटे से वर्ष 2008 में बतौर सब-इंस्पेक्टर पुलिस विभाग ज्वाइन किया था। उन्होनें अब तक पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहकर सेवाएं दी हैं।
कई प्रतियोगिताओं में ले चुकी हैं हिस्सा
नेहा राठी ने कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स सहित अन्य कई प्रतियोगिताओं में करीब 40 बार हिस्सा लिया है। जिनमें उन्होंने कई गोल्ड व सिल्वर मेडल जीते हैं। बेहतरीन खेल प्रदर्शन को देखते हुए नेहा राठी को भारत सरकार द्वारा उन्हें वर्ष 2013 में अर्जुन अवॉर्ड पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया था। खेलों में हिस्सा लेने के साथ साथ वह महिला थाना बल्लबगढ़ में और महिला थाना सेंट्रल की थाना प्रबंधक रह चुकी है। थाना प्रभारी के रुप में न्याय संगत कार्य किया है।
सबसे बड़े भीम अवॉर्ड से सम्मानित हैं नेहा
हाल ही में इंडिया पुलिस गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। नेहा राठी ने वर्ष 1998 गेम्स में पहला नेशनल मैडल प्राप्त किया जो प्रतियोगिता नासिक में आयोजित की गई थी, जिसमें उन्होंने गोल्ड मैडल हासिल किया था। इसके पश्चात उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाती रही। वर्ष 2005 में इन्हें हरियाणा के खेलों में सबसे बड़े अवॉर्ड भीम अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इन्हें भारत कुमारी और हरियाणा केसरी से भी नवाजा जा चुका है।