उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हरियाणा के अटेली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी आरती सिंह राव के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां रोटी के लिए छीना-झपटी हो रही है, जबकि भारत में फ्री राशन वितरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने सुरक्षा और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। धारा 370 को हटाने और कश्मीर में आतंकवाद पर प्रहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने भाजपा की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि गांव, किसान, युवा और महिलाएं विकास की नींव हैं, और इसी दिशा में भाजपा लगातार काम कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2029 में लोकसभा में नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित होगा, लेकिन अटेली विधानसभा क्षेत्र की जनता इसे 2024 में ही लागू कर देगी। उन्होंने आरती सिंह राव को विधानसभा में भेजने की अपील की, ताकि महिलाओं को सम्मान मिले।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी मंच पर मौजूद थे। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि उन्होंने हरियाणा के विकास में अहम भूमिका निभाई है और गुड़गांव को उत्तर भारत के एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया है।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा, नारनौल से भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश यादव, और निवर्तमान विधायक सीताराम यादव सहित कई प्रमुख भाजपा नेता भी उपस्थित थे।