हरियाणा के झज्जर जिले के बादली विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (BSP) के प्रत्याशी महेंद्र सिंह रविवार शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। शाम करीब 4 बजे वे अपने घर से निकले थे और उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। खास बात यह है कि वे अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए हैं।
बसपा के जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश और अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने इस घटना की सूचना पुलिस और बादली के उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) सतीश यादव को दी है। हालांकि, महेंद्र सिंह की पत्नी का कहना है कि वे किसी रिश्तेदारी में गए हुए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन परिवार की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पार्टी पदाधिकारियों की अपील
बसपा के झज्जर जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश, प्रदेश महासचिव प्रवीण फतेहपुरी और अन्य पदाधिकारियों ने एसडीएम को पत्र लिखकर महेंद्र सिंह की गुमशुदगी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अपील की है कि जब तक महेंद्र सिंह खुद सामने नहीं आ जाते, तब तक उनका नामांकन रद्द न किया जाए।
पुलिस जांच में जुटी, शिकायत का इंतजार
बादली थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने महेंद्र सिंह के घर का दौरा किया और परिजनों से पूछताछ की। उनकी पत्नी ने बताया कि महेंद्र सिंह किसी रिश्तेदारी में रुपए-पैसे लेने गए हैं और अपना फोन घर पर छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यदि परिवार द्वारा गुमशुदगी की कोई शिकायत दर्ज की जाती है, तो कार्रवाई की जाएगी।
बसपा को साजिश का शक
बसपा के जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश ने कहा कि महेंद्र सिंह का फोन घर पर होने और उनसे कोई संपर्क न हो पाने के कारण उन्हें साजिश का अंदेशा है। उन्होंने एसडीएम से अपील की है कि जब तक महेंद्र सिंह खुद सामने नहीं आते, तब तक उनका नामांकन रद्द न किया जाए।