Haryana में विधानसभा चुनाव समय से पहले हो सकते हैं। इसे लेकर भारतीय चुनाव आयोग (ECI) की टीम आज हरियाणा दौरे पर आ रही है। टीम अगले 2 दिन चंडीगढ़ में रहेगी और विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेगी। इसके साथ ही, टीम विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श करेगी।
टीम अलग-अलग समय पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें करेगी। इन बैठकों में प्रदेशभर से मिलने वाले इनपुट को टीम के सदस्य ECI को देंगे, जो चुनाव की घोषणा को लेकर तैयारियों का हिस्सा होगा।
25 अगस्त के आसपास नोटिफिकेशन की संभावना
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा विधानसभा चुनाव का नोटिफिकेशन 25 अगस्त के आसपास जारी होने की संभावना है। इस साल ECI चार राज्यों में विधानसभा चुनाव कराने जा रहा है, जिनमें हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और झारखंड शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर में अक्टूबर में चुनाव संभावित, हरियाणा में बदलाव
ECI के सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। इस कारण अन्य राज्यों में चुनाव की तारीखों में बदलाव किया गया है। पिछली बार हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 21 सितंबर 2019 को नोटिफिकेशन जारी किया गया था।
3 नवंबर को खत्म हो रहा है हरियाणा सरकार का कार्यकाल
हरियाणा में BJP की वर्तमान सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त हो रहा है। समय से पहले चुनाव की संभावना को देखते हुए हरियाणा सरकार भी सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और टॉप ब्यूरोक्रेसी को अलर्ट कर दिया है, जिसके चलते CMO के अफसर देर रात तक काम कर रहे हैं। अगस्त में अब तक सरकार ने 3 बार कैबिनेट मीटिंग बुलाई है, जिसमें से 2 हो चुकी हैं और तीसरी मीटिंग 17 अगस्त को होगी।
हरियाणा में 817 नए पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि ECI की टीम 12-13 अगस्त को हरियाणा दौरे पर रहेगी। इस दौरान सभी 22 जिलों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के इंजीनियरों द्वारा EVM की चेकिंग की जा रही है। इस बार विधानसभा चुनाव के लिए 817 नए पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिससे कुल संख्या बढ़कर 20,629 हो गई है।