हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कुरुक्षेत्र जिले में शाहाबाद, असंध और घरौंडा में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगते हुए एक बार फिर कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जिसकी जात का पता नहीं वो जाति गणना की बात करता है।
अनुराग ठाकुर बुधवार को राजपूत एकता मंच की सभाओं को संबोधित कर रहे थे। कुरुक्षेत्र के सलपानी गांव में आयोजित जनसभा में अनुराग ठाकुर ने बुधवार को शाहाबाद विधानसभा के लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि केवल भाजपा में ही यह संभव है कि एक आम कार्यकर्ता को सांसद और उसके बाद मुख्यमंत्री जैसा बड़ा पद दे दिया जाए। मुख्यमंत्री नायब सैनी जैसे कई चेहरे है जिन्हें भाजपा ने उनकी मेहनत और कर्मठता को देखते हुए बड़े पद दिए हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब शाहाबाद में कमल खिलाना होगा।
अनुराग ने कहा कि सुभाष कलसाना जीतेंगे तो मंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनकी टीम ने हमेशा ही दलित नेताओं का अपमान किया है। चाहे अशोक तंवर हों या बहन कुमारी शैलजा हों, कांग्रेस ने इन सबका अपमान किया है। लेकिन भाजपा ने हमेशा हर वर्ग का सम्मान किया है।
उदाहरण देते हुए कहा कि 1984 में सिख समाज सहित पीड़ित लोगों को भाजपा कार्यकाल में इंसाफ मिला है और दोषियों को सजा दी गई है। इसके अलावा किसानों के लिए भी भाजपा ने अनेक बड़ी घोषणाएं की है। इस बार धान फसल का दाम जो किसानों को मिलने वाला है, उसके बाद किसानों के चेहरे खिल उठेंगे।
Rahul Gandhi पर हमला करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि नफरत की इतनी फैक्ट्री चलाना बंद कर दीजिए। घरौंडा में भाजपा प्रत्याशी हरविंद्र कल्याण के समर्थन में भी चुनावी सभा को संबोधित किया।
इस मौके भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य बीबी करतार कौर, अमरजीत सिंह डांगी, धुराला मंडल अध्यक्ष सहदेव मलान, नलवी मंडल अध्यक्ष सर्वजीत कलसानी, दर्शन राणा, सचिन ओजला, राहुल राणा, सरपंच जितेंदर बाल्यान, भूषण शर्मा, गौतम राणा, निर्मल सिंह विर्क, तेलु राणा, सुरेश काजल, नरेश कश्यप और मलकीत ढकाला सहित भाजपा कार्यकर्ता और मतदाता उपस्थित रहे।