टोकियो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने स्वीडन के बुडापेस्ट में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। हरियाणा ही नहीं, भारत के इस स्टार ने अपने पहले ही प्रयास में 88.77 मीटर दूर भाला फेंक फाइनल में जगह बना ली है। नीरज के साथ डीपी मनु भी ग्रुप ए हैं, जबिक ग्रुप बी में किशोर जेना एकमात्र भारतीय हैं। बता दें कि पेरिस ओलंपिक में जगह बनाने के लिए कम से कम 85.50 मीटर की दूरी हासिल करना जरूरी है और नीरज ने अपने पहले ही प्रयास में 88.77 मीटर दूर भाला फेंककर लक्ष्य को हासिल कर लिया।
जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 के क्वालिफाइंग राउंड में आज सीजन का बेस्ट 88.77 मीटर थ्रो किया। नीरज ने शानदार प्रदर्शन के साथ पेरिस ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। साथ ही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। पेरिस ओलिंपिक की शुरुआत 26 जुलाई 2024 से होगी। उधर नीरज के अलावा डीपी मनु ने भी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में लगभग जगह बना ली है। तीन प्रयास में उनका सबसे बेहतर स्कोर 81.31 मीटर रहा, जो उन्होंने दूसरे प्रयास में हासिल किया। पहले ग्रुप में वह तीसरे स्थान पर रहे। उनका फाइनल में पहुंचने के लिए शीर्ष 12 खिलाड़ियों में रहना जरूरी है और उनकी संभावना ज्यादा है।
25 साल के नीरज चोपड़ा डायमंड लीग के चैंपियन
ओलिंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के अलावा 25 साल के नीरज चोपड़ा डायमंड लीग चैंपियन हैं। हंगरी के बुडापेस्ट में जारी वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज ने क्वालीफाइंग राउंड के अपने पहले प्रयास में ही 88.77 मीटर थ्रो किया। जो उनके सीजन का बेस्ट थ्रो भी है। वहीं नीरज का इस सीजन में यह सबसे बेहतर स्कोर है। चोट से वापसी करने के बाद लुसानरे डायमंड लीग में वह लय में नहीं दिख रहे थे, लेकिन अपने इस पहले बेस्ट थ्रो से वह शानदार दूरी हासिल करने में कामयाब रहे।

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत को मेडल की उम्मीद
नीरज चोपड़ा के फाइनल के लिए क्वालीफाई होने के साथ ही भारत को इस चैंपियनशिप में उनसे पदक की उम्मीद बढ़ गई है। देश में अब तक किसी भारतीय खिलाड़ी ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में गोल्ड नहीं जीता है। नीरज चोपड़ा ने ही पिछले साल ओरेगॉन में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2022 में सिल्वर मेडल हासिल किया और मेडल के लिए भारत के 19 साल के लंबे इंतजार को समाप्त कर दिया था।
चैम्पियनशिप में अब तक भारत की झोली में दो मेडल
वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की शुरुआत 1983 से हुई। जिसमें भारत ने अब तक केवल दो पदक जीते हैं। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में अंजू बॉबी जॉर्ज पेरिस 2003 में महिलाओं की लॉन्ग जंप में कांस्य पदक के साथ जीतने वाली पहली भारतीय बनीं थीं। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की नजर अब वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर है। पिछले साल नीरज को इस टूर्नामेंट में सिल्वर से संतोष करना पड़ा था। इस बार फाइनल मुकाबला 27 अगस्त को होगा। जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 11:45 बजे होगी।

