- 7-18 मई को हरियाणा में मौसम साफ और शुष्क रहेगा, 19-20 मई को गरज-चमक व बारिश की संभावना।
- 19 मई को 9 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान, 20 मई को 2 जिलों में मौसम बदलेगा।
- सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, वहीं फरीदाबाद में सबसे ज्यादा तापमान बढ़ा और अंबाला में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
हरियाणा में शनिवार और रविवार को मौसम साफ और ड्राई रहने की संभावना है, जबकि सोमवार और मंगलवार को फिर से मौसम में बदलाव देखा जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मई को हरियाणा के विभिन्न जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
19 मई को प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात जिलों में 25% तक बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 20 मई को केवल पंचकूला और यमुनानगर जिलों में यह स्थिति देखने को मिल सकती है।
इधर, शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया, जिससे हरियाणा के विभिन्न जिलों में तेज हवाएं और हल्की बारिश हुई। साथ ही अधिकतम तापमान में भी बदलाव देखा गया। हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य के करीब पहुंच गया है।
सिरसा जिले का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, फरीदाबाद में 1.9 डिग्री की वृद्धि के साथ तापमान 42.5 डिग्री तक पहुंच गया। दूसरी ओर, अंबाला में सबसे ज्यादा 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और उसका तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा।