- दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा में बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी पर उठाए सवाल
- कांग्रेस पर भी साधा निशाना, राहुल गांधी और भूपेंद्र हुड्डा पर जमकर बरसे
- जननायक जनता पार्टी का 5 लाख सदस्यता अभियान चलाने का ऐलान
रोहतक। हरियाणा में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी (JJP) नेता दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उनके मन से पुलिस का डर खत्म हो गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार अपराधियों पर शिकंजा कसने में विफल रही है और यह सरकार की मूक सहमति का संकेत है।
दुष्यंत चौटाला ने सवाल उठाया कि आखिर क्यों शराब ठेकों की बोली के लिए पुलिस का सहारा लेना पड़ रहा है, जब सरकार खुद को कानून व्यवस्था में मजबूत बताती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे-सीधे जवाब मांगा।
कांग्रेस पर भी किया तीखा हमला
दुष्यंत चौटाला ने राहुल गांधी के हरियाणा दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले भी कई बार दौरा कर चुके हैं, लेकिन आज तक कांग्रेस में कोई स्थाई नेतृत्व नहीं बन पाया। उन्होंने तंज कसा कि राहुल गांधी को तय करना चाहिए कि कांग्रेस में कौन-सा घोड़ा दौड़ाया जाना है।
उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा कि आखिर क्यों विधानसभा और लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी से ‘सेटिंग’ की थी? उन्होंने कहा कि पुत्र मोह और जेल जाने के डर ने कांग्रेस को हरियाणा की सत्ता से बाहर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद हुड्डा पर दर्ज मामलों में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ रही, जिससे यह साफ होता है कि हुड्डा और भाजपा के बीच कोई न कोई अघोषित गठजोड़ जरूर है।
पार्टी को मजबूत करने की तैयारी
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी राज्य के हर वर्ग की लड़ाई लड़ती रही है। पार्टी की मजबूती के लिए 5 लाख सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। यह घोषणा रोहतक में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई अहम बैठक के दौरान की गई, जहां संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।