फतेहाबाद में दिन-प्रतिदिन चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही है। जिसमें पुलिस है कि केवल मामला दर्ज करने तक ही सीमित रह गई है। ऐसी ही चोरी एवं सेंधमारी की कई घटनाएं सामने आई हैं। चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए चोरों ने एक दुकान से हजारों रुपए का ड्राइफ्रूट, बीड़ी-सिगरेट व नकदी चोरी कर ली, तो वहीं किसानों के धरने पर शामिल होने आए एक किसान की ट्रैक्टर की बैटरी चोरी हो गई। वहीं एक मकान मालिक ने अपने घर पर लगे लकड़ी के मिस्त्री पर ही जेवरात चोरी करने का संदेह जताया है। मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जाखल के तलवाड़ी गांव निवासी हरदेव सिंह ने बताया कि वह पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के धरने पर शामिल होने के लिए लघु सचिवालय फतेहाबाद में अपने ट्रैक्टर पर आया था। जहां मैने गेट के पास ही ट्रैक्टर खड़ा किया था। जब अगले दिन उठा तो ट्रैक्टर में बैटरी नहीं थी, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चुराकर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सोने-चांदी के आभूषणों सहित नगदी हुई चोरी
पुलिस को दी शिकायत में रतिया कॉलोनी निवासी विजय ने बताया कि 20 दिन से उसके घर पर बीघड़ निवासी लकड़ी का एक मिस्त्री लगा हुआ था, मिस्त्री सुबह से शाम तक घर पर ही काम कर रहा था। अगले दिन घर की सफाई के दौरान अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। अलमारी में से 2 तोले सोने के गहने, 10 ग्राम सोने का सिक्का, आधा तोले सोने की अंगूठी, आधा तोले सोने के टॉपस व 10-12 हजार रुपये की नगदी गायब मिले। उन्होंने घर पर लगे मिस्त्री से इस बारे में पूछा तो वह टालमटोल करने लगा और बिना कोई जवाब दिए चला गया। संदेह जताते हुए पुलिस को मिस्त्री के खिलाफ शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने 380, 454 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रात को 1 बजे से पहले दिया चोरी की वारदात को अंजाम
शहर के साथ लगते गांव धिड़ निवासी सुनीता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि विगत रात्रि परिवार घर पर ही सोया हुआ था। रात को करीब 1 बजे वह उठी तो देखा कि एक कमरे का दरवाजा खुला है और अंदर अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। इस पर उन्हें चोरी का संदेह हुआ। सामान चेक किया तो वहां से 2 जोड़े सोने की कानों की बालियां, कोका, 2 गले की ताबिजियां, एक माथे का टीका, दो अंगूठियां, चांदी की दो पाजेब, एक तागड़ी गुच्छा चांदी का, चांदी का हाथफूल, रानी हार, बाजूबंद, चार अंगूठियां, तीन जोड़ी चुटकी व करीब 25 हजार रुपए गायब थे, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ड्राॅयफ्रूट सहित पैसे व अन्य सामान चोरी
पुलिस को दी शिकायत में हरनाम सिंह कॉलोनी निवासी मोनू ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोर बीघड़ रोड स्थित उसकी दुकान में ताला तोड़कर घुस आए और वहां से 6 हजार रुपए के नोट व सिक्के, 32 बीड़ी के बंडल, 50 पैकेट सिगरेट, 12 पैकेट काजू चोरी कर लिए। चोर जाते हुए डीवीआर भी उठा ले गए। सुबह साढ़े 4 बजे वह दुकान पर आया तो शटर खुला मिला और सामान बिखरा हुआ था, पुलिस ने 380, 457 के तहत मामला दर्ज जांच शुरू की।

