weather 12 6

हरियाणा में मौसम का कहर: मोरनी हिल्स में भूस्खलन, रोडवेज बस फंसी; नहर में कार गिरने से हड़कंप

हरियाणा की बड़ी खबर MONSOON

➤हरियाणा के 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, यमुनानगर में तेज बारिश से जलभराव।

➤पंचकूला के मोरनी हिल्स में लैंडस्लाइड, रोडवेज बस रास्ते में फंसी।

➤करनाल में कार नहर में गिरी, कुरुक्षेत्र में महिला की नहर से मिली लाश।

Whatsapp Channel Join

हरियाणा में दो दिन के अंतराल के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार रात से लेकर सोमवार (21 जुलाई) सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। खासकर कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश हुई है।

यमुनानगर में तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे सड़कों पर वाहन आधे पानी में डूबे हुए नजर आए। वहीं, चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी मध्यम से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।


पंचकूला: मोरनी हिल्स में लैंडस्लाइड, रोडवेज बस फंसी

तेज बारिश के कारण पंचकूला जिले के मोरनी हिल्स में लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। निमवाला रोड पर भूस्खलन के कारण सड़क पर मलबा और पेड़ गिर गए, जिससे दोनों तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया। इस दौरान हरियाणा रोडवेज की एक बस भी बीच रास्ते में फंस गई। प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं।


करनाल: कार नहर में गिरी, युवक घायल

रविवार देर रात करनाल जिले में एक कार भाखड़ा नहर में गिर गई। कार में सवार युवक गुरविंद्र सिंह और सुरेंद्र, दोनों कुरुक्षेत्र निवासी थे। घटना जांबा गांव के पास हुई, जहां पुल पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तुरंत शोर मचाया और मदद बुलाई। दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा गया। सोमवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से कार को बाहर निकाला गया


कुरुक्षेत्र: नहर से महिला की लाश बरामद

कुरुक्षेत्र में सोमवार दोपहर नरवाना ब्रांच नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान जगीरो देवी (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो यमुनानगर के अहरेवा गांव की रहने वाली थी और पिछले 4 दिन से लापता थी। राहगीरों ने बटेड़ा हेड के पास शव को फंसा हुआ देखा और गोताखोरों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, महिला के परिजन अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं और आगे की जांच जारी है।


अब तक सामान्य से 29% अधिक बारिश

हरियाणा में इस साल अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 147.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार अब तक 189.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत से कहीं ज्यादा है।