➤ कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र कुमार ‘पप्पी’ ईडी के शिकंजे में
➤ 12 करोड़ कैश, सोना, चांदी और गाड़ियां जब्त
➤ ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग में बड़ी कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा खुलासा करते हुए कर्नाटक के कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र कुमार उर्फ पप्पी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी सिक्किम से की गई, जहां विधायक एक कसीनो लीज पर लेने के लिए अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे थे।
ईडी ने शुक्रवार को कई राज्यों में छापेमारी की और इसमें से 12 करोड़ रुपये नकद (जिसमें लगभग 1 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा भी शामिल है), करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, लगभग 10 किलो चांदी और चार वाहन जब्त किए।
एजेंसी ने बताया कि विधायक को सिक्किम की राजधानी गंगटोक में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया और इसके बाद उन्हें बंगलूरू की अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड लिया गया। जांच ईडी के बंगलूरू जोन द्वारा की जा रही है।
ईडी ने दावा किया कि विधायक के अलावा उनके भाई केसी नागराज, बेटे पृथ्वी एन राज, और दूसरे भाई केसी थिप्पेस्वामी (जो दुबई से ऑनलाइन गेमिंग ऑपरेट कर रहे थे) के ठिकानों से भी महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं।
इससे पहले ईडी ने चित्रदुर्ग, बंगलूरू, जोधपुर, हुबली, मुंबई और गोवा में कुल 30 परिसरों पर छापेमारी की थी। जिनमें गोवा के कई नामी कसीनो – पपीज कैसीनो गोल्ड, ओशन रिवर्स, पपीज प्राइड, ओशन 7 और बिग डैडी शामिल हैं।
तलाशी के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी King567, Raja567, Puppy’s003 और रत्ना गेमिंग जैसे नामों से ऑनलाइन सट्टेबाजी साइटें चला रहा था। ईडी ने अब इस पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है।

