नेवी जवान पर किया जानलेवा हमला, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

चरखी दादरी

चरखी दादरी के खातीवास निवासी नेवी जवान को बाइक सवार तीन युवकों ने गोली मार दी। हमले में गोली जवान के चेहरे पर लगी और वो गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे सिविल अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया और पुलिस ने घायल के बयान पर एक नामजद समेत तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया है।

पुलिस को दिए बयान में खातीवास निवासी प्रदीप ने बताया कि वो नेवी में कार्यरत है। अप्रैल महीनें में ही उसकी ज्वाइनिंग हुई है। घायल ने बताया कि 28 अगस्त को वो एक हफ्ते की छुट्टी लेकर घर आया था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वो अपने दोस्त सोनू के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से खातीवास-रावलधी रोड पर जा रहा था।

उसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया। घायल के अनुसार उस बाइक पर खातीवास निवासी संजय अपने दो साथियों के साथ सवार था। संजय आगे से बाइक मोड़कर लाया और उनकी बाइक के आगे अड़ा दी। वो कुछ समझ पाता इससे पहले ही उस पर फायरिंग शुरू कर दी। घायल के अनुसार तीनों हमलावरों के हाथ में हथियार था।

Whatsapp Channel Join

चेहरे पर लगी गोली, भागकर बचाई जान

प्रदीप ने बताया कि हमलावरों ने उस पर सीधे फायर कर दिया और गोली उसके चेहरे पर लगी। इसके बाद उसने भागकर जान बचाई। घटना का पता चलते ही परिजन और काफी संख्या में गांव के लोग उसके पास पहुंचे।

इलाज के लिए उसे सिविल अस्पताल लाया गया और वहां से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। घायल का आरोप है कि उसके गांव के रहने वाले संजय ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।