BJP MP Ramesh Kaushik

Rapid Train की सौगात के लिए जल्द दूर होंगी तकनीकी खामियां, MP Ramesh Kaushik बोलें जीटी रोड पर 500 बैड का अस्पताल बनवाने का भी प्रयास

बड़ी ख़बर सोनीपत हरियाणा

हरियाणा के सोनीपत से सांसद रमेश कौशिक सरकार के 9 वर्ष उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि देश-प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। जिससे विकास को नई गति मिली है। चीन बॉर्डर सहित देश की अन्य अंतरराष्ट्रीय सीमाओं तक सड़कें बनाई जा रही हैं। रेललाइन से भी सीमाओं को आपस में जोड़ा जा रहा है। सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में भी राष्ट्रीय राजमार्गों की अच्छी सौगात दी गई है। नहरी रोड का निर्माण कार्य करीब 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जिससे मात्र 30 मिनट में ही दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक का सफर पूर्ण होगा। आपात स्थितियों में विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सकुशल भारत वापस लाया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत ने अपनी विशेष पहचान स्थापित की है।

सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों को लेकर सांसद रमेश कौशिक ने शनिवार को सोनीपत के रेलवे रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत में सांसद कौशिक ने कहा कि यह 9 वर्ष उपलब्धियों से भरपूर रहे हैं। जिसमें सभी चुनावी वायदों को पूरा किया गया। इसमें विशेष रूप से धारा-370 को हटाना और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शामिल है। जिसका शुभारंभ जनवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सांसद ने कहा कि विकास के कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। जीटी रोड पर भी 500 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पानीपत से दिल्ली तक रैपिड ट्रेन के लिए तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जा रहा है। जिसमें दिल्ली सरकार ने अपने हिस्से का पैसा जमा नहीं करवाया था। ऐसे में कोर्ट के माध्यम से इसका समाधान निकाला गया।

सांसद कौशिक ने कहा कि इन 9 वर्षों में सरकार ने विकास का नया रास्ता दिया है। बेहतरीन जन कल्याणकारी नीतियां लागू की हैं। जिसका सीधा फायदा आम जनमानस को हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना, फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत, चिरायु हरियाणा आदि अनेकों योजनाएं हैं, जिससे लोगों को अच्छी सुविधाएं मिली हैं।

Whatsapp Channel Join

केएमपी-केजीपी के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के नवनिर्माण ने दी विकास को मजबूती

सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। पहले पर्ची-खर्ची से नौकरी मिलती थी और आज योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी दी जा रही हैं। सोनीपत को विकास के मामले में विशेष तवज्जो मिली है। केएमपी-केजीपी व राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के नवनिर्माण ने विकास को मजबूती दी है। खरखौदा में मारूति के आने से विकास को नई ऊंचाइयां मिली हैं। गन्नौर में रेल कोच फैक्टरी, कंटेनर डिपो व अंतरराष्ट्रीय बागवानी मार्केट ने विकास को बुलंदियों पर पहुंचाया है। गुरूग्राम की तर्ज पर राई का विकास हुआ है। अब गोहाना के विकास को नए आयाम दिए जा रहे हैं।

रेलवे स्टेशनों का किया जा रहा है अत्याधुनिकीकरण

सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि जींद को भी विकास की पटरी पर दौड़ाया गया है, जबकि पहले जींद वासी कहते थे कि उनसे सिर्फ वोट लेने का काम किया जाता है। जींद में मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी, बाइपास, सड़क मार्ग और रेल लाइनों के विद्युतीकरण आदि से विकास को बल मिला है। आज हर क्षेत्र विकास की ओर अग्रसर है। रेलवे स्टेशनों का अत्याधुनिकीकरण किया जा रहा है। जिसमें सोनीपत, गोहाना व जींद रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। सोनीपत रेलवे स्टेशन को 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रूप दिया जा रहा है।

सांसद के नाते करवाए सभी कार्य, नहीं बचा कोई शेष काम

सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि एक सांसद के नाते उन्होंने सभी कार्य करवाए हैं। सांसद का कोई काम शेष नहीं बचा। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों के भी संतोषजनक जवाब दिए। इस मौके पर सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के पूर्व वाइस-चेयरमैन ललित बतरा और भाजपा के एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा मौजूद थे।