हरियाणा भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी कल रोहतक में पदभार सभालेंगे। वह पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इसका मुख्य कारण पिछले विधानसभा चुनावों में रोहतक की एक भी विधानसभा सीट न जीतना माना जा रहा है। कार्यक्रम भाजपा के स्टेट ऑफिस में होगा। जिसमें मुख्य रूप से सीएम मनोहर लाल, प्रभारी बिप्लब देब, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ समेत अन्य मंत्री और विधायक शामिल होंगे।
बता दें कि शनिवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री और विधायक मोहनलाल बड़ौली ने रोहतक पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को नायब सैनी ने चंडीगढ़ में सीएम हाउस में मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की थी। वहां उनका मंत्रियों और विधायकों ने स्वागत कर प्रदेश अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी थीं।
सांसद को प्रदेश की कमान
एक दिन पहले ही भाजपा हाईकमान ने ओमप्रकाश धनखड़ को प्रदेश अध्यक्ष हटाकर कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को प्रदेश का जिम्मा सौंपा है। वहीं धनखड़ को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि पार्टी ने जातीय समीकरण को साधने की कोशिश की है। वहीं सरकार और संगठन के बीच तालमेल की कमी की चर्चाओं को भी हवा मिल गई है। हालांकि भाजपाई इसे केवल पार्टी की प्रक्रिया बता रहे हैं।

