(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा की नगर पालिका सीमा में वृद्धि होने और परिषद को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा से शहर वासियों खुशी की लहर है। इस दौरान श्रीतारा एन्क्लेव कॉलोनी वासियों ने इन दोनों मुद्दों के लिए पिछले 2 वर्षों से लड़ाई लड़ रहे संघर्ष मोर्चा के संयोजक कामरेड पीपी कपूर और उनके साथी एडवोकेट दयानंद पंवार, अनिल पांचाल, बिजेंद्र धीमान और गफ्फार खान का फूल मालाओं से अभिनंदन किया।
आरटीआई एक्टिविस्ट एवं समालखा बचाओ संघर्ष मोर्चा के संयोजक कामरेड पीपी कपूर ने नगर परिषद बनाने बारे गत 26 नवंबर को समालखा रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा की गई घोषणा पर तत्काल नोटिफिकेशन जारी करने की सरकार से मांग की है। पीपी कपूर का कहना है कि नगर परिषद गठन का नोटिफिकेशन जारी होने तक संघर्ष मोर्चा चुप्प नहीं बैठेगा, जरूरत पडी तो संघर्ष मोर्चा हाइकोर्ट का द्वार भी खटखटाएगा। कपूर ने कहा कि इसके बगैर समालखा का विकास नामुमकिन है।
संघर्ष मोर्चा के नेता एडवोकेट दयानंद पंवार और अनिल पांचाल का कहना है कि नगर परिषद का नोटिफिकेशन जारी होते ही नगर पालिका भंग होगी, दोबारा चुनाव होंगे। वार्डों की संख्या बढ़ने के साथ नगर परिषद में शामिल कॉलोनियों के लोग भी अपना वोट डाल पाएंगे। इसके अलावा विकास कार्योँ के लिए सरकार से ज्यादा ग्रांट राशि मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद कार्यालय में स्टाफ बढ़ने के साथ उच्चाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। सफाई कर्मचारियों की संख्या में इजाफा होगा और सभी कॉलोनियों में नियमित रूप में विकास कार्य करवाए जा सकेंगे। संघर्ष मोर्चा के सदस्य बिजेंद्र धीमान ने बताया कि इस सफल आंदोलन से साबित हो गया है कि पूंजीवादी नेताओं के भरोसे न रहकर जनता को एकजुट होना चाहिए, क्योंकि संघर्ष करके भी अपनी समस्या हल करवाया जा सकता है।
इस मौके पर प्रमोद चौहान, संदीप बट्टार, मास्टर नरेंद्र चौहान, जोगेंद्र सिंह, राजेश गोयल, अश्विनी त्यागी, सागर पंवार, तुषार छौक्कर, मुकेश छौक्कर, जोगेंद्र खुराना, संदीप चौहान और महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती के प्रधान कामरेड सतबीर सिंह मौजूद रहे।