(समालखा से अशोक शर्मा की रिपोर्ट) पानीपत के खंड समालखा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल पानीपत सिटी जूनियर की कक्षा पांचवीं की छात्रा आराध्या ने राष्ट्रीय पर अपना परचम लहराकर देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल पहुंचने पर आराध्या का प्रबंधन और स्टाफ सदस्यों ने स्वागत किया और उसे शुभकामनाएं दी।
बता दें कि दिल्ली जिमखाना क्लब में 25 से 30 नवंबर तक नॉर्दन इंडिया स्क्वैश चैंपियनशिप 2023 का आयोजन किया गया। जिसमें पानीपत के समालखा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल पानीपत सिटी जूनियर की छात्रा आराध्या ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। छात्रा ने पदक जीतकर न केवल अपने परिवार, बल्कि स्कूल का नाम भी रोशन किया है। आराध्या ने इस टूर्नामेंट में अंडर 11 आयु वर्ग में पूरे भारत से आई 32 लड़कियों को हराकर अपनी जगह पक्की की। यह टूर्नामेंट एसआरएफआई की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया गया। आराध्या ने फाइनल में चंडीगढ़ की छात्रा को 3-1 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
डीपीएस पानीपत सिटी की प्रधानाचार्या रोहिणी दहिया ने बताया कि स्कूल के लिए यह गर्व की बात है कि अब आराध्या जनवरी 2024 में आयोजित होने वाली द प्रेस्टिजियस ब्रिटिश जूनियर ओपन में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रधानाचार्या रोहिणी दहिया ने आराध्या और उसके अभिभावकों को बधाई देते हुए छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जब कोई विद्यार्थी इस तरह की प्रतियोगिताओं में जीतता है तो विद्यालय भी गौरांवित महसूस करता है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को आराध्या से प्रेरणा लेकर खेलों में भाग लेना चाहिए। आज शिक्षा के साथ खेल भी हमारे जीवन का अहम हिस्सा हैं।