कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अयोध्या जाने की बात पर कहा कि किसी भी मंदिर में जाने के लिए किसी निमंत्रण की जरूरत नहीं है। भगवान श्रीराम हम सभी की आस्था के प्रतीक हैं। वह बिना निमंत्रण के भी जाएंगे। हरियाणा वह प्रदेश है और यहां ऐसी संस्कृति है कि किसान-मजदूर सहित प्रत्येक व्यक्ति काम की शुरुआत करने से पहले राम का नाम लेता है। भगवान श्रीराम आस्था के केंद्र हैं, वह उन पर राजनीति करना उचित नहीं समझते। दीपेंद्र ने कहा कि अगर भाजपा के लोग यह समझते हैं कि उनके अंदर ही राम है तो यह ठीक नहीं है। हर किसी के अंदर राम है।
राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जिला सोनीपत के गांव बैंयापुर में आयोजित सर्व समाज सम्मेलन कार्यक्रम में बतौर अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गांधी का जन्मदिन भी मनाया गया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इंडिया एलाइंस पर भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बड़ी सकारात्मक बात चल रही है। सही समय पर सही फैसला हो जाएगा। दीपेंद्र ने जजपा पार्टी को सीधा चैलेंज करते हुए कहा कि वह हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर अपनी जमानत नहीं बचा पाएंगे। दीपेंद्र हुड्डा ने कटाक्ष करते हुए जजपा को विश्वासघाती पार्टी करार दिया है। उन्होंने कहा कि जजपा ठगु की दुकान के लड्डू की राजनैतिक फ्रेंचाइजी है, इन्होंने अपनी पुरानी पार्टी और परिवार सहित सभी को ठगने का काम किया है।
दीपेंद्र ने वर्ष 2024 में लोकसभा और विधानसभा सीटों पर टिकट को लेकर कहा है कि हरियाणा कांग्रेस पार्टी जिताऊ कैंडिडेट को ही टिकट देने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस का लोकसभा की सभी 10 सीटों पर बेहतरीन प्रदर्शन होगा। वहीं गुटबाजी को लेकर दीपेंद्र सिंह हुड्डा एक बार फिर अपनी सफाई पेश करते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी भी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है।
कांग्रेस पार्टी जिताऊ कैंडिडेट को ही टिकट देने का करेगी काम
राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि घर-घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस कार्यक्रम 15 तारीख को लांच किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी घर-घर तक अपने एजेंडे को लेकर पहुंचेगी। उन्होंने वर्ष 2024 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर कहा कि हरियाणा कांग्रेस पार्टी जिताऊ कैंडिडेट को ही टिकट देने का काम करेगी। वहीं उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सोनीपत से दोबारा चुनाव लड़ने की बात पर कहा कि सही समय आने पर इसका जवाब दिया जाएगा।
कांग्रेस लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह सक्षम
कांग्रेस राज्यसभा सांसद ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सक्षम है। प्रदेश के लोगों ने पूरी तरह से परिवर्तन का मन बना लिया है। हर तरफ से यही आवाज आ रही है कि भाजपा, बीजेपी की विफल और नाकारा सरकार प्रदेश से जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार आ रही है। लोकसभा की सभी 10 सीटों पर कांग्रेस का बेहतरीन प्रदर्शन होगा। दीपेंद्र हुड्डा ने टोल प्लाजा को लेकर कहा कि भारत सरकार ने टोल पॉलिसी के खिलाफ कई जगह पर टोल लगाए हैं। जिसको लेकर उन्होंने पिछले दिनों मुरथल टोल पर प्रदर्शन भी किया था। इसके अलावा लोकसभा में भी मुद्दे को उठाया था।
कांग्रेस की गुटबाजी पर फिर सफाई पेश करते नजर आए दीपेंद्र हुड्डा
राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा गुटबाजी पर एक बार फिर अपनी सफाई पेश करते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी भी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की गुटबाजी को छुपाने के लिए सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा। दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा-जजपा में उचाना की सीट पर चुनाव लड़ने को लेकर भी गुटबाजी है। गठबंधन की सरकार गुटबाजी के चलते आपस में ही लठम-लट्ट है। वहीं उन्होंने दावा किया कि जजपा प्रदेश में विश्वासघाती पार्टी साबित हुई है। जजपा ने अपने मतदाता के साथ ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों के साथ भी धोखा किया है। अभी तक बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन 5100 नहीं की गई।
दीपेंद्र सिंह ने बृजभूषण को लेकर फिर सरकार को घेरा
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने आरोपियों का साथ देकर पहलवान बेटियों के साथ विश्वासघात किया है। वहीं जजपा ने तो अपनी पुरानी पार्टी और अपने परिवार के साथ ही विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जब-जब लगता है कि संगठन को मजबूत करना है, सही समय पर संगठन का विस्तार किया जाएगा। भाजपा के कहने से हम अपने संगठन का विस्तार नहीं करेंगे और हमारा संगठन घर-घर में है।