Shri Shyam Rasoi

Sonipat Dham में श्री श्याम रसोई का शुभारंभ, रोजाना 100 लोगों को निशुल्क भोजन करवाएगा श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट

धर्म बड़ी ख़बर सोनीपत हरियाणा

हरियाणा के जिला सोनीपत में श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट सोनीपत धाम की ओर से अमावस्या के उपलक्ष्य में श्री श्याम रसोई का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने शिरकत की। उन्होंने रिबन काटकर श्री श्याम रसोई का उद्घाटन किया। श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट सोनीपत धाम के सदस्यों ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य हर जरूरतमंद व्यक्ति का पेट भरना है। जगत में श्याम नाम की महिमा अपरमपार है।

इस मौके पर श्री श्याम मंदिर सोनीपत धाम में हवन का आयोजन किया गया। जिसमें अतिथियों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मिलकर पूर्णाहूति डाली। तत्पश्चात भंडारा लगाया गया। भंडारे में आसपास के क्षेत्र से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मुख्यातिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा कि आज सभी के लिए सौभाग्य की बता है कि श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्याम रसोई का शुभारंभ किया गया है। अन्न का दान सबसे बड़ा दान होता है। सभी के सहयोग से मिलकर मां अन्नपूर्णा को समर्पित श्री श्याम रसोई शुरु की गई है। जिसके माध्यम से सोनीपत और आसपास के जरूरतमंद लोगों की सेवा का माध्यम बना जा सकेगा। उन्होंने कहा कि श्याम महिमा के कारण कोई ऐसा व्यक्ति न हो, जो भूखा सोए। श्री श्याम रसोई का मुख्य उद्देश्य यही है कि हर जरूरतमंद को भोजन मिल सके और वह सुखी-सुखी अपना जीवन यापन कर सके।

रसोई 1

कविता जैन ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के उद्घाटन के साथ विश्व में सनातन धर्म के प्रति आस्था बढ़ी है। सनातन धर्म का झंडा आज बुलंदियां छू रहा है। ऐसे में हमारा भी फर्ज बनता है कि हम अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करें। जिससे हमारी आने वाली पीढ़ियां भी धर्म के मार्ग पर अग्रसर हो सकें। जिस प्रकार हमारे बुजुर्गों ने धर्म की रक्षा की और सनातन धर्म को आगे तक ले जाने का काम किया। हम भी ऐसे में सनातन धर्म का झंडा अनंत तक फहराते रहेंगे।

Whatsapp Channel Join

रसोई

इस दौरान समाजसेवी अनुज मंगला ने बताया कि जल्द ही मंदिर कमेटी की ओर से बैठक श्री श्याम रसोई की व्यवस्था का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रसोई के माध्यम से प्रतिदिन 100 जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर राजीव गोयल, राकेश मित्तल, प्रेम रोहिल्ला, सुमित मित्तल, नरेश गोयल, राजीव दहिया, धर्मबीर शर्मा, प्रवीण मित्तल, तरूण गौतम, अरुण गर्ग, सुरेश वर्मा प्रवीण दहिया, आनंद सरोहा, संजीव बल्हारा, मनमोहन दहिया, पवन दहिया, तरूण देवीदास, कविता जैन, अमित बिंदल, ललित पंवार, ललित बत्रा, योगेश पाल अरोड़ा और सूर्या दहिया मौजूद रहे।

रसोई 3