पंचायत में जमीन के बंटवारे के मुद्दे पर झगड़े के दौरान, सरपंच के पारिवारिक सदस्यों पर महिला ने लात मारने का आरोप लगाया गया। मारपीट में सरपंच अनिल को भी चोट लगी। दोनों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतका का नाम यशोदा (28) था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, डोडा खेड़ी गांव के सरपंच अनिल के 2 कनाल जमीन के बंटवारे के मुद्दे पर चाचा और ताऊ के परिवार से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को जमीन की निशानदेही भी कराई गई थी। इसी दौरान परिवार में भाई लगने वाले अशोक कुमार और उसकी पत्नी सरपंच अनिल के परिवार के साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि अशोक और उसकी पत्नी ने महिला यशोदा के पेट में लात मार दी। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। मारपीट में घायल हुए सरपंच अनिल और उसकी पत्नी यशोदा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान सरपंच की पत्नी यशोदा की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर 4 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मृतका गर्भवती थी या नहीं, उसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







