साल में 100 मामले: ट्रैप मनी से जाल में फसें 99 अधिकारी, शिकायतकर्ताओं को किया सम्मानित

हिसार

एंटी करप्शन ब्यूरो हरियाणा के डायरेक्टर शत्रुजीत कपूर ने पंचकूला रेंज के 17 शिकायतकर्ताओं को ‘सम्मान पत्र‘ देकर सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने आगे आकर भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत दर्ज करके असाधारण साहस का प्रदर्शन किया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने अनुभव साझा करके दूसरों को भी प्रेरित करें और कम से कम 10 लोगों को बताएं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ा होना समाज के लिए अच्छा है।

इस साल अब तक 100 ट्रैप मामले हुए दर्ज

एंटी करप्शन ब्यूरो ने वर्ष 2023 में अब तक रिकॉर्ड 100 ट्रैप मामले दर्ज किए हैं। 99 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें कई क्लास-1 और 2 अधिकारी भी शामिल हैं।

Whatsapp Channel Join

शिकायतकर्ताओं को नहीं देनी होगी अपनी जेब से धनराशि

शत्रुजीत कपूर ने शिकायतकर्ताओं को ‘ट्रैप मनी‘ प्रदान करने के लिए 1 करोड़ के रिवॉल्विंग फंड पर बताया कि अब ट्रैप मामलों के दौरान शिकायतकर्ताओं को अपनी जेब से धन की व्यवस्था करने की जरूरत नही है। इस फंड से जरूरतमंद शिकायतकर्ताओं को नियमित रूप से धनराशि वितरित की जा रही है।

टोल फ्री नंबर पर दें जानकारी

शत्रुजीत कपूर ने शिकायतकर्ताओं को यह भी आश्वासन दिया कि इस दौरान उनके समक्ष अगर किसी तरह का उत्पीड़न या दबाव बनाया जाता है तो उससे तुरंत निपटा जाएगा। उन्होंने शिकायतकर्ताओं को ऐसे मामलों की रिपोर्ट संबंधित जांच अधिकारी या टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 पर करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

कई जिलों में होंगे सम्मान समारोह

इसी तरह के सम्मान समारोह इस हफ्ते अंबाला, करनाल, रोहतक, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित एंटी करप्शन ब्यूरो की सभी रेंज कार्यालयों में भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें कुल 132 शिकायतकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।