ईडी की टीम ने 40 घंटे की जांच में क्या-क्या जुटाए साक्ष्य, कांग्रेस नेता की लग्जरी गाड़ी व कागजात भी ले गई साथ

बड़ी ख़बर हरियाणा हिसार

हरियाणा के हिसार में कांग्रेस नेताओं के घर दो दिन से चल रही इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) की रेड खत्म हो चुकी है। कांग्रेस नेता एवं व्यापारी वेदपाल तंवर, हांसी के स्वर्गीय सुरेंद्र मलिक, अर्बन एस्टेट निवासी अधिवक्ता वजीर कोहाड़ के घर पर ईडी की रेड करीब 40 घंटे से ज्यादा चली। टीम शनिवार सुबह 3 बजे वेदपाल की लग्जरी रेंज रोवर गाड़ी, मर्सडीज कार सहित कागजात दिल्ली ले गई।

अधिवक्ता वजीर कोहाड़ के घर रात 11 बजे रेड खत्म हो गई। वहीं ईडी की टीम ने वेदपाल तंवर की पत्नी व बेटी से पूछताछ के दौरान काफी सवाल-जवाब किए। यह पूछताछ दो दिन तक चलती रही, लेकिन वेदपाल तंवर घर नहीं पहुंचे। बता दें कि ईडी की रेड पड़ने की सूचना वेदपाल तंवर को पहले दिन ही मिल गई थी। इस दौरान वह चंडीगढ़ में थे और चंडीगढ़ से वापस नहीं लौटे। तंवर के जानकार भी घर के बाहर से मामले पर नजर रखे हुए थे।

जांच के दौरान क्या-क्या मिला

Whatsapp Channel Join

सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम वेदपाल के घर से एक करोड़ से ज्यादा कीमत की रेंज रोवर गाड़ी अपने साथ ले गई है। कांग्रेस नेता के घर और भी अन्य गाडि़यां थी, जिनकी टीम ने पूरी जांच की, लेकिन उनसें टीम को कुछ नहीं मिला। इसके अलावा टीम ने आय के स्त्रोत भी जाने। वहीं टीम जांच के बाद कुछ जरूरी कागजात, आभूषण के कागजात, आधार कार्ड व पैन कार्ड की कॉपी भी अपने साथ ले गई है।

टीम असली हैं या नकली की बात पर उलझ गई थी वेदपाल की पत्नी

ईडी की रेड के दौरान वेदपाल तंवर की पत्नी घर से बाहर आ गई थी। उनका कहना था कि यह लोग असली हैं या नकली, हमें तो यह भी नहीं पता है। पूरे परिवार को सुबह 8 बजे से बैठाकर रखा गया था। वेदपाल की पत्नी ने बाहर आकर करीब 5 मिनट तक हंगामा भी किया था। इसके बाद सुरक्षाकर्मी वेदपाल तंवर की पत्नी को घर के अंदर ले गए थे। टीम ने पहले परिजनों के फोन कब्जे में ले लिए थे, जिनकी जांच के बाद फोन वापस कर दिए गए। इसके बाद टीम जांच के दौरान वेदपाल तंवर से फोन पर जुड़ी रही।

जांच के बाद टीम की कांग्रेस नेता से क्या हुई बात

सभी कांग्रेस नेता भिवानी के डाडम में खनन कारोबार से जुड़े हैं। तीनों ने एक साथ काम भी किया है। कांग्रेस नेता सुरेंद्र मलिक का निधन हो चुका है, जो किरण चौधरी के नजदीकी भी हैं। ईडी ने माइनिंग को लेकर रेड की थी। टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और परिजनों के घर से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। जांच पूरी होने के बाद ईडी की टीम ने वापस लौटते समय वेदपाल तंवर से फोन पर बात भी की थी। वहीं इससे पहले पानीपत के हलका समालखा से विधायक धर्म सिंह छौक्कर के घर भी ईडी की रेड पड़ चुकी है।