Haryana के नूंह में महिला द्वारा साजिश रचकर युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। जिसके बाद पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों ने हत्या की जानकारी पुलस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक युवक का नाम वाजिद बताया जा रहा है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक की मां ने बताया कि घर के सामने ऑटो खड़ा करने को लेकर पहले भी कई बार विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते वाजिद को जान से मारने की धमकी दी गई थी। 11 अक्टूबर की रात वाजिद को एक महिला ने फोन कर अपने घर बुलाया और घर में बंद कर स्वजनों के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने कमरे का ताला लगा रखा था। पड़ोसियों की मदद से ताला तोड़ा गया, जिसके बाद वाजिद का शव कमरे में मिला। मृतक के गले में कपड़ा लपेटा हुआ था और शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने मृतक की मां के बयान के आधार पर तीन महिलाओं समेत 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।