हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री Anil Vij ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए हरियाणा को दोषी ठहराने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि “आम आदमी पार्टी एक झूठी पार्टी है,” जो अपनी गलतियों का ठीकरा दूसरों पर फोड़ती है। विज ने दावा किया कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार है, लेकिन अब वे वहां के प्रदूषण का जिक्र नहीं करते और हरियाणा पर दोष मढ़ते हैं। यमुना के प्रदूषण पर विज ने कहा कि दिल्ली में यमुना में मिलने वाले नालों की जिम्मेदारी भी दिल्ली सरकार की है।
हुड्डा को जनता की नब्ज का ज्ञान नहीं: विज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के एमएसपी और खाद वितरण पर भाजपा के वादों को “झूठा” करार देने पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने हुड्डा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हवा में उड़ने वाली पार्टी है और हुड्डा को अभी भी जनता की नब्ज समझने की ज़रूरत है। विज ने कहा, “हुड्डा तो पहले ही अधिकारियों की मीटिंग लेकर खुद को मुख्यमंत्री मानने लगे थे, लेकिन जनता ने उनकी पार्टी को खारिज कर दिया।”
टी-प्वाइंट पर खली के साथ अनिल विज ने चाय की चुस्कियां लीं
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अंबाला में रेसलर द ग्रेट खली के साथ अपने पसंदीदा टी-प्वाइंट पर चाय का आनंद लिया। खली ने विज को विधानसभा चुनाव में जीत और हरियाणा में भाजपा सरकार बनने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विज साहब का जनता में गहरा विश्वास है, जो उनकी सफलता का कारण है। विज ने खली को अपने अच्छे मित्र बताते हुए कहा कि उनके साथ टी-प्वाइंट पर समय बिताना एक विशेष अनुभव है।
“सोशल मीडिया पर कुछ भी चलता है” – अनिल विज
परिवहन मंत्री अनिल विज ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर कि “बस में खड़े होकर यात्रा करने पर टिकट नहीं लगेगा,” पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “सोशल मीडिया पर कुछ भी चलता रहता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें इस तरह की किसी योजना की जानकारी नहीं है।







