Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की हार के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि AAP के 35 विधायक पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हैं और उनमें से 30 उनके संपर्क में हैं। इसी बीच, AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सभी 94 विधायकों की दिल्ली में आपात बैठक बुलाई।
दिल्ली स्थित पंजाब CM के सरकारी निवास कपूरथला हाउस में यह मीटिंग आधे घंटे चली। जिसमें दिल्ली में चुनाव हारे पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया और CM भगवंत मान भी मौजूद रहे। मीटिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा- ”दिल्ली चुनाव में गुंडागर्दी और पैसा चला। हमें हर घंटे चुनाव आयोग के पास जाना पड़ा। उन्हें बताना पड़ता था कि जैकेट बांट रहे हैं, पैसा बांट रहे हैं।”
मान ने कांग्रेस के विधायकों के पार्टी बदलने और अरविंद केजरीवाल के पंजाब का CM बनने की कोशिश के आरोप पर हंसते हुए कहा- ”विपक्ष पौने 3 साल से ऐसा बोल रहा है। उनसे पूछ लो, दिल्ली में उनके कितने विधायक हैं? वह तो शुरू से कह रहे हैं कि 30 आ रहे हैं, 40 आ रहे हैं। हमने अपने खून पसीने से पार्टी बनाई है। इन्हें बोलने दो। उनके पास पार्टियां बदलने का कल्चर है। हमारे यहां ऐसा नहीं है।”
इस मीटिंग के शुरू होने से पहले AAP के विधायकों ने साफ कर दिया था कि उन्हें मीटिंग का एजेंडा नहीं बताया गया था। मगर, इतना तय है कि न तो पंजाब में CM भगवंत मान को बदला जाएगा और न ही कोई विधायक टूटेगा।
मीटिंग में सिर्फ उन्हीं लोगों को एंट्री दी गई, जिनके नाम गेट पर उपलब्ध लिस्ट में थे। यहां पहुंचे विधायकों ने कहा कि उन्हें मीटिंग का एजेंडा पता नहीं है। मगर, इतना तय है कि न तो पंजाब में CM भगवंत मान को बदला जाएगा और न ही कोई विधायक टूटेगा।
विधायकों ने दिया भरोसा – ‘न CM बदलेगा, न कोई टूटेगा’
बैठक से पहले मीडिया से बात करते हुए विधायक मनविंदर ग्यासपुरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और ब्रह्मशंकर जिंपा ने स्पष्ट किया कि न तो पंजाब के मुख्यमंत्री बदले जाएंगे और न ही कोई विधायक पार्टी छोड़ेगा।
AAP नेताओं का पलटवार
AAP प्रवक्ता नील गर्ग ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि यह पार्टी की सामान्य बैठक है। पंजाब AAP के प्रधान अमन अरोड़ा के “पंजाब का मुख्यमंत्री कोई भी हो सकता है” वाले बयान को भी कांग्रेस ने गलत तरीके से पेश किया है।
MLA लालपुरा बोले- दिल्ली में मीटिंग पर इतना शोर क्यों?
खडूर साहिब से विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने कहा कि सभी राष्ट्रीय पार्टियां दिल्ली से चलती हैं। हमारी मीटिंग दिल्ली में हो रही है तो इतना शोर क्यों। हम दिल्ली में बैठक नहीं कर सकते। कोई पूछे भाजपा और कांग्रेस कहां से चलती हैं।
विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने कहा- एजेंडा क्या है, नहीं पता। प्रताप सिंह बाजवा कौन होता है बोलने वाला। दिल्ली से वे क्या लेकर आए हैं, जो बोल रहे हैं। मैं डिप्टी सीएम के परिवार को हरा कर यहां आया हूं।