Faridabad 38वें अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के सांस्कृतिक मंच पर पंजाबी संगीत का जादू बिखरा, जब प्रख्यात पंजाबी गायक और रैपर परमीश वर्मा ने अपने धमाकेदार गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘नि राहे-राहे जान वालिए’, ‘तेरी टोर ने पटे मुटियारे नी’, ‘चैक कर मित्रा दीं बिल्लो सरदारी चैक कर’, जैसे सुपरहिट पंजाबी गानों पर युवाओं के साथ-साथ प्रौढ़ दर्शक भी झूमने पर मजबूर हो गए।
हरियाणा सरकार के कला एवं सांस्कृतिक विभाग और पर्यटन निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक शामिल हुए। पंजाबी संगीत की इस धमाकेदार प्रस्तुति ने माहौल को और भी संगीतमय बना दिया।

परमीश वर्मा की प्रस्तुति ने बांधा समां
सूरजकुंड मेले में सोमवार की रात का मुख्य सांस्कृतिक मंच पंजाबी शाम के लिए विशेष रूप से सजाया गया था। जैसे ही परमीश वर्मा मंच पर आए, श्रोताओं ने तालियों और जोशीले अंदाज में उनका स्वागत किया। ‘असीं हां पिंडा आले जट्ट’, ‘आ ले चक मैं आ गया’, ‘इक कृपा मेरी मां दी’, ‘रब नै यारां नू मेला लूटण कूं भेजा नी’ जैसे हिट गानों से पूरा पंडाल मस्ती में सराबोर हो गया।
परमीश वर्मा ने अपने गानों से दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया, वहीं उनके साथ आए सिंगर लाडी ने भी बेहतरीन साथ निभाया। शो के दौरान परमीश वर्मा मंच से नीचे उतरकर प्रशंसकों से मिले और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

युवाओं में दिखा परमीश वर्मा का जबरदस्त क्रेज
पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में परमीश वर्मा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हर कोई उनके साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के लिए उत्साहित था। चाहे आगे की पंक्ति हो या पीछे बैठे श्रोता, हर कोई उनके गानों पर झूमता नजर आया।
इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक डा. सुनील कुमार, महाप्रबंधक आशुतोष राजन, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।







