- हरियाणा के कंटेंट क्रिएटर सुखप्रीत सिंह उर्फ “सुख रतिया वाला” को मुंबई में सुपारी लेकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
- 18 मई को नवी मुंबई में अलवीना आदम अली खान नामक महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई थी, जो सीसीटीवी में कैद हो गई।
- पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 5 लाख की सुपारी लेकर हत्या करने की बात कबूल की, उन्हें नोएडा STF और मुंबई पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में पकड़ा।
Haryana Content Creator Murder Case: हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रहने वाले और सोशल मीडिया पर “सुख रतिया वाला” के नाम से पहचान बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर सुखप्रीत सिंह को एक सनसनीखेज मर्डर केस में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया है कि 18 मई 2025 की रात को नवी मुंबई के सेक्टर-5 में 27 वर्षीय अलवीना आदम अली खान की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की गतिविधियां कैद हो गईं, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले में पुलिस ने सुखप्रीत के साथ उसके मामा के बेटे गुरप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस और नोएडा STF के संयुक्त ऑपरेशन में दोनों को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने 5 लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
सूत्रों के अनुसार, सुखप्रीत सिंह रतिया के वार्ड-15 की इम्प्लॉइज कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। उसके पिता धीरा सिंह खेती संबंधी उपकरण बनाने का कार्य करते हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय सुखप्रीत का सपना था कि वह मॉडल बने। इसी सिलसिले में वह वर्ष 2022 में अपने मामा के बेटे के साथ मुंबई चला गया था और तब से वहीं रह रहा था। वहीं पंजाब की एक लड़की के साथ विवाद के बाद उसे धमकियां भी मिलने लगी थीं।
अब जब हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है। पूरे घटनाक्रम से सोशल मीडिया पर सनसनी फैल गई है, क्योंकि सुख रतिया वाला के कई फॉलोवर्स उसे एक उभरते क्रिएटर के रूप में देखते थे।