➤ करनाल बना हरियाणा का पहला नगर निगम, जिसे स्वच्छता में राष्ट्रपति पुरस्कार मिलेगा
➤ स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में करनाल को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में मिली जगह
➤ 17 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित, विज्ञान भवन दिल्ली में होगा कार्यक्रम
हरियाणा के करनाल शहर ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए देशभर में अपने लिए विशिष्ट स्थान बनाया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में करनाल नगर निगम को देश के सबसे साफ शहरों में चुना गया है। इसी उपलब्धि के चलते करनाल को अब राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजा जाएगा। यह पुरस्कार 17 जुलाई 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया जाएगा।
यह पहली बार है जब हरियाणा के किसी नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता श्रेणी में राष्ट्रपति सम्मान मिलेगा। करनाल नगर निगम की महापौर रेणु बाला गुप्ता और नगर आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा के नेतृत्व में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए नवाचार, जनभागीदारी और योजनाबद्ध क्रियान्वयन ने इस सफलता को संभव बनाया।
स्वच्छता रैंकिंग में 2023 में करनाल की स्थिति 115वें नंबर पर थी, लेकिन 2024 में नगर निगम ने बड़े बदलाव करते हुए टॉप रैंक में जगह बना ली। घर-घर कूड़ा कलेक्शन, वेस्ट से कंपोस्ट बनाना, पब्लिक टॉयलेट्स की नियमित सफाई, डिजिटल मॉनिटरिंग और जागरूकता अभियानों ने करनाल को इस उपलब्धि की ओर अग्रसर किया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि “यह सिर्फ नगर निगम की नहीं, बल्कि पूरे करनाल की जनता की जीत है। नागरिकों के सहयोग और सफाई मित्रों की मेहनत का ही परिणाम है कि आज हमारा शहर पूरे देश में सम्मानित होने जा रहा है।”
नगर आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि “हमारे लिए यह सिर्फ पुरस्कार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ शहर का वादा है। अब हमारा लक्ष्य इसे बनाए रखना है।”
करनाल को ये पुरस्कार न केवल राज्य में सबसे साफ शहर के रूप में मान्यता देता है, बल्कि यह पूरे हरियाणा के लिए एक प्रेरणा बन गया है। अब अन्य नगर निगमों और शहरों को भी इसी दिशा में प्रयास तेज करने होंगे।

