weather 46 2

दहेज़ के ताने, 4 दिन पहले मारपीट,फिर युवती ने गर्भावस्था में की आत्महत्या

Breaking News महेंद्रगढ़ हरियाणा

➤महेंद्रगढ़ में गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर दी जान
➤ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट के आरोप
➤पुलिस ने पिता के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की


महेंद्रगढ़ जिले के जासावास गांव में एक गर्भवती महिला ने मायके में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान 23 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई। घटना गुरुवार दोपहर की है, जिसकी जानकारी शुक्रवार को मिली।

मृतका के पिता अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से लगातार दहेज की मांग और प्रताड़ना की जा रही थी। अशोक कुमार के अनुसार, 4 मई 2020 को मुस्कान की शादी राजस्थान के नायश राणा निवासी रवि के साथ हुई थी। शादी में पर्याप्त दहेज देने के बावजूद पति रवि, ससुर कृष्ण कुमार और फूफी सीमा लगातार दहेज की मांग करते रहे और मारपीट करते थे।

Whatsapp Channel Join

पिता ने बताया कि मुस्कान की दो बेटियां रचना (3 साल) और सारिका (2 साल) हैं। दोनों के जन्म के बाद भी ससुराल वालों ने बाइक और अन्य महंगे सामान की मांग की, जिसके लिए उन्हें कर्ज तक लेना पड़ा। इतना ही नहीं, 1 अप्रैल को नौकरी लगवाने के बहाने ससुराल वालों ने डेढ़ लाख रुपए मोबाइल ट्रांजेक्शन के जरिए और साढ़े तीन लाख रुपए नगद ले लिए।

चार दिन पहले गर्भवती मुस्कान की ससुराल में मारपीट की गई। इसके बाद पति रवि ने उसे मायके के बस स्टैंड पर छोड़ते हुए 5 लाख रुपए की और मांग रखी। इस प्रताड़ना से तंग आकर मुस्कान ने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने शुक्रवार को बैठक कर मामले की निंदा की। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। सदर थाना पुलिस आगे की जांच कर रही है।