Copy of Green White Organic Tea Shop Best Seller Instagram Post 3

रोहतक में ट्रैवलर गाड़ी पलटी, एक की मौत, छह घायल

Breaking News

➤ रोहतक में ट्रैवलर गाड़ी पलटने से एक की मौत, 6 घायल
➤ हादसा बेसहारा पशु को बचाने के चक्कर में हुआ
➤ सभी यात्री गोगामेड़ी धाम दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे

रोहतक के सांपला थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली के सुल्तानपुरी से लौट रही सवारियों से भरी ट्रैवलर गाड़ी अचानक सामने आए बेसहारा पशु को बचाने के प्रयास में बेकाबू होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मृतक की पहचान अरुण (निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली) के रूप में हुई है। घायलों में 17 वर्षीय दित्या, 11 वर्षीय आरव, 65 वर्षीय अशोक रानी, 45 वर्षीय कृष्ण, 24 वर्षीय ज्योति और 7 वर्षीय नीरा शामिल हैं। ये सभी गोगामेड़ी धाम पर दर्शन करने गए थे और शुक्रवार सुबह दिल्ली लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

Whatsapp Channel Join

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर अचानक सामने आए बेसहारा पशु को बचाने के दौरान चालक ने गाड़ी का नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया। सूचना मिलने पर सांपला थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

जांच अधिकारी चंद्रपाल ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया गया है और हादसे की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क पर बेसहारा पशु किस तरह पहुंचा और हादसे में लापरवाही किसकी थी।