Haryana के फरीदाबाद में ठगों ने नए तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाया। मुंबई से ईरान कोरियर ड्रग्स मामले में फंसाने का डर दिखाकर एक युवती से करीब पांच लाख रुपए की ठगी की गई। वहीं, एक अन्य मामले में खुद को बैंक मैनेजर बताकर एक व्यक्ति से 1.60 लाख रुपए ठग लिए गए। पुलिस ने इन घटनाओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पल्ला के छज्जन नगर निवासी पूजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार नवंबर को उनके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें कॉलर ने खुद को फीडेक्स कोरियर का कर्मचारी बताया। कॉलर ने पूजा को सूचित किया कि उनके नाम से मुंबई से ईरान भेजा गया एक पार्सल पकड़ा गया है, जिसमें 15 किलोग्राम जनरल मेडिसिन और ड्रग्स पाए गए हैं। इसके बाद, कॉल को साइबर क्राइम से जोड़ते हुए एक अन्य व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और पूजा से उनके कागजात की जानकारी मांगी।
कथित पुलिस अधिकारी ने पूजा से आधार कार्ड और बैंक अकाउंट की जानकारी ले ली। इसके बाद फोन काटे बिना गूगल पे के जरिए करीब 4 लाख 99 हजार 362 रुपए उनके अकाउंट से ट्रांसफर कर लिए गए।
फर्जी बैंक मैनेजर बनकर 1.60 लाख की ठगी
एक अन्य घटना में, सेक्टर-8 निवासी अशोक कुमार तिवारी को एक वॉट्सऐप कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का मैनेजर बताया। उसने अशोक से कहा कि उनके अकाउंट की केवाईसी अपडेट करनी है और बैंक अकाउंट, पैन, और आधार कार्ड की जानकारी मांगी। अशोक ने जानकारी साझा की, जिसके तुरंत बाद उनके अकाउंट से 1.60 लाख रुपए साफ कर दिए गए।
पुलिस की कार्रवाई
फरीदाबाद पुलिस ने दोनों घटनाओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ठग लगातार नए तरीके अपना रहे हैं और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।