➤ कैब चालकों की हत्या कर शव को पहाड़ों से फेंकने वाला सीरियल किलर अजय लांबा गिरफ्तार
➤ हत्या के बाद कैब को नेपाल में बेचता था आरोपी, गिरोह के दो साथी पहले ही आजीवन कारावास की सजा काट रहे
➤ 2021 में गांजा तस्करी और 2023 में उड़ीसा में डकैती जैसे संगीन मामलों में भी शामिल
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक खतरनाक सीरियल किलर अजय लांबा को गिरफ्तार किया है, जो कैब चालकों की हत्या कर शव को पहाड़ों से फेंक देता था और वाहनों को नेपाल में बेच देता था। यह मामला न केवल हत्या का है, बल्कि इसके पीछे संगठित गिरोह की गतिविधियां भी उजागर हुई हैं।
अजय लांबा दिल्ली के कृष्णा नगर का रहने वाला है और उस पर हल्द्वानी, अल्मोड़ा, लोहाघाट और न्यू अशोक नगर में कैब चालकों की हत्या के केस दर्ज हैं। आरोपी, चालकों को विश्वास में लेकर कैब बुक करता और सुनसान पहाड़ी इलाकों में ले जाकर उनकी हत्या कर देता था।
पुलिस के अनुसार, अजय एक संगठित गिरोह का मास्टरमाइंड है। गिरोह के दो सदस्य पहले ही गिरफ्तार होकर आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे हैं।
अजय 2021 में 100 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया था और एक साल जेल में रहा। जेल से छूटने के बाद, 2023 में उसने उड़ीसा में ज्वेलरी की दुकान में अपने साथियों के साथ डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
अब क्राइम ब्रांच अजय से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने कैब चालकों की हत्या की है और उसका नेपाल में कैब बेचने का नेटवर्क कितना गहरा है।
इस गिरफ्तारी ने दिल्ली और उत्तराखंड पुलिस को कई लंबित मामलों में सुराग दिए हैं, और सीरियल किलिंग के इस खौफनाक अध्याय का खुलासा किया है।