Happy Birthday Adah Sharma : बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर एक अलग पहचान बनाई है। एक बेबाक एक्ट्रेस और अपने अभिनय से कमाल करने वाली अदा शर्मा आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। बस्तर और द केरल स्टोरी जैसी फिल्मों में काम कर चुकी अदा शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 1920 से की। वह अपनी पहली फिल्म से ही दर्शकों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रहीं। हिंदी फिल्मों के अलावा अदा साउथ की फिल्मों में भी अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी हैं। साउथ में भी अदा के लाखों चाहने वाले हैं।
बता दें कि वैसे तो अदा शर्मा काफी सालों से हिंदी सिनेमा से जुड़ी हैं, लेकिन फिल्म द केरला स्टोरी (2023) हिट होने के बाद से इनके चर्चे ज्यादा रहे। अदा शर्मा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहने लगीं। फिल्मों के साथ वेब सीरीज पर भी अदा शर्मा राज कर रही हैं। इस साल अदा शर्मा अपना 32वां जन्मदिन मना रही है। उम्र के इस पड़ाव पर एक्ट्रेस काफी फेमस हो चुकी हैं। बताया जाता है कि 11 मई 1992 को मुंबई में जन्मीं अदा शर्मा एक तमिल ब्राह्मण परिवार से संबंध रखती हैं। इनके पिता एसएल शर्मा इंडियन मर्चेंट नेवी के रिटायर्ड अधिकारी हैं, जबकि मां शीला शर्मा क्लासिकल डांसर और योगा ट्रेनर हैं।

अदा शर्मा की शुरुआती पढ़ाई मुंबई के बांद्रा इलाके के एक कॉन्वेंट स्कूल में हुई। यहां 10वीं तक पढ़ने के बाद इन्होंने डिसाइड कर लिया था कि इन्हें एक्ट्रेस बनना है। इनके माता-पिता ने इनके सामने एक शर्त रख दी कि कम से कम उन्हें पढ़ाई पूरी करनी चाहिए। हालांकि अदा शर्मा ने 12वीं तक पढ़ाई पूरी की और उसके आगे नहीं पढ़ीं। अदा शर्मा एक जिम्नास्ट हैं। उन्होंने 3 साल की उम्र में डांस करना शुरू कर दिया था। मुंबई के नटराज गोपी कृष्णा कत्थक डांस एकेडमी से अदा ने कत्थक में स्नातक किया है। अदा 4 महीने के लिए अमेरिका सालसा सीखने गई थीं। इसके साथ ही इन्हें अलग-अलग तरह के डांस भी आते हैं। डांस के अलावा अदा को मार्शल आर्ट भी आता है।

अदा शर्मा ने अलग-अलग रोल के लिए कई सारे ऑडिशन्स दिए, लेकिन हर बार उन्हें रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। कुछ डायरेक्टर्स को उनका ऑडिशन पसंद भी आया तो उनकी उम्र कम होने के कारण रोल नहीं मिल पाता था। वर्ष 2009 में आई विक्रम भट्ट की फिल्म 1920 में अदा को पहला मौका मिला। 17 साल की उम्र में अदा शर्मा ने बॉलीवुड डेब्यू किया और यह फिल्म सफल रही।

इसके बाद अदा ने कई फिल्मों में छोटे-मोटे रोल किए, लेकिन वह सफलता इनके हाथ नहीं लगी, जिसकी इन्हें चाहत थी। इस बीच अदा साउथ की भी कुछ फिल्मों में नजर आईं। वर्ष 2023 में फिल्म द केरला स्टोरी आई जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और उसमें अदा लीड एक्ट्रेस थीं। इसके बाद अदा वेब सीरीज में नजर आईं। अदा अब वेब सीरीज और हिंदी सिनेमा में हिट हो चुकी हैं।

अदा शर्मा का मुंबई में अपना एक फ्लैट है, अपनी कार है और उनके पैरेंट्स उनके साथ रहते हैं। एक तरफ से अदा शर्मा अब फेमस हुई हैं तो उनके पास कई दूसरे प्रॉजेक्ट्स हैं। जिन पर वह काम कर रही हैं। मुंबई में अच्छी लाइफ स्टाइल जीने वाली अदा आज करोड़ों की मालकिन भी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अदा शर्मा के पास इस समय करीब 10 से 12 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसके अलावा मुंबई में उनका अपना एक आलीशान फ्लैट भी है। वहीं अदा शर्मा कई महंगी कारों की मालकिन भी हैं।
