ऋचा चड्ढा और पुलकित सम्राट की मल्टी स्टारर हिट फिल्म ‘फुकरे’ तो आपको याद ही होगी। लेकिन अब उस याद को ताजा करने के लिए अब इस फिल्म का तीसरा पार्ट जल्द रिलीज करने का ऐलान कर दिया गया है।
हाल ही में इस फिल्म के पोस्टर जारी किए गए थे जिसके साथ फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया था। वहीं फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। इस बार भी दर्शकों के लिए फुकरे का मजा दोगुना होने वाला है। क्योंकि इस बार भी साथ देने आ रहे हैं पंकज त्रिपाठी जिनकी कॉमिक टाइमिंग पर तो फैंस वैसे ही फिदा है।
लॉन्च के दौरान पंकज त्रिपाठी ने नहीं काटा आपना बर्थ-डे केक
दर्शकों की पसंदीदा फिल्म फ्रेंचाइजी ‘फुकरे’ की तीसरे पार्ट का ट्रेलर लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को लांच कर दिया गया। फिल्म बनाने वालों ने इसके ट्रेलर रिलीज की तारीख 5 सितंबर ये सोचकर रखी थी कि इस दिन फिल्म में काम कर रहे पंकज त्रिपाठी का जन्मदिन होता है।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान पंकज के नाम का केक भी आया लेकिन केक कटा नहीं। पंकज त्रिपाठी की असल बर्थडे डेट 28 सितंबर है और संयोग ही है कि ये फिल्म इसी तारीख को रिलीज हो रही है।
10 साल पहले निभाया था फिल्म में छोटा सा किरदार
दस साल पहले जब ‘फुकरे’ रिलीज हुई थी तो उस फिल्म में अभिनेता पंकज त्रिपाठी का छोटा सा किरदार था। जो चौकीदार का काम करता है। जैसे- जैसे फिल्मों में पंकज त्रिपाठी की लोकप्रियता बढ़ती गई उसी तरह से इस फिल्म की फ्रेंचाइजी में उनका किरदार भी बढ़ता गया।
अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने कहा, ‘फुकरे में मेरे मुश्किल से 8-18 सीन रहे होंगे। गेट पर बैठकर दरबान का काम करता था और आज पूरी फिल्म की दरबानी कर रहा हूं।’
कैसे बढ़ाया बॉलीवुड़ में अपना कद और रुतबा
पिछले 10 साल में पंकज त्रिपाठी का हिंदी सिनेमा में कद और रुतबा दोनों बढ़ा है। उनकी फिल्म ‘ओएमजी 2’ को जहां दर्शकों ने खूब पसंद किया। वहीं फिल्म ‘मिमी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी उन्हें हाल ही में मिला है। अभिनेता पुलकित सम्राट ने कहा, ‘पंकज त्रिपाठी का फिल्म में होना ही सफलता की सबसे बड़ी गारंटी है।’
पंकज त्रिपाठी ने कहा, ‘मुझे जो भी सफलता मिली है उसमे कई लोगों का योगदान है। अगर मुझे अच्छी फिल्में नहीं मिलती तो मैं कुछ नहीं कर सकता। इस लिए अपनी सफलता का पूरा क्रेडिट फिल्म से जुड़े हर एक व्यक्ति को देना चाहूंगा।’
देवनागरी में फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ना पसंद करते हैं पंकज त्रिपाठी
फिल्म के ट्रेलर लांच के दौरान जब हिंदी भाषा को लेकर बात छिड़ी तो अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने कहा, ‘मैं फिल्मों की स्क्रिप्ट देवनागरी में ही पढ़ना पसंद करता हूं। क्योंकि देवनागरी में एक बार पढ़कर याद कर लेता हूं। रोमन में पढ़कर याद करना मुश्किल होता है।
हिंदी हमारी मातृ भाषा है और हिंदी सिनेमा जगत का बेहद अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हम हिंदी ही खाते हैं, हिंदी पीते हैं, हिंदी ही बिछाते हैं और हिंदी ही जीते हैं। बाकी अन्य भाषाओं से भी उतना ही प्यार है, सम्मान है। लेकिन हिंदी भाषा हमारी पहचान है।’
कैसा रहा फुकरे-3 का ट्रेलर
2 मिनट 51 सेकेंड का ये ट्रेलर आपकी उम्मीदों पर खरा उतरता नजर आ रहा है। ये आपको 10 साल पीछे ‘फुकरे’ की यादों में ले जाएगा। ट्रेलर की शुरुआत होती है वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट यानी चूचा और हन्नी भाई के उस स्कूल से होती है जिसमें वो लगातार फेल होते रहे थे।
उसके बाद शुरू होता चूचा का वही ‘डेजा चू’ यानी सपनों का खेल। फिल्म में ऋचा इस बार दिल्ली में चुनाव लड़ती नजर आएंगी और उनकी मदद करेंगे पंडित जी यानी पंकज त्रिपाठी और हन्नी भाई यानी पुलकित सम्राट। ट्रेलर काफी मज़ेदार है शुरुआत से लेकर अंत आपको वीडियो देखकर हंसी आएगी। अब देखना होगा ‘फुकरे 3’ पहले पार्ट ‘फुकरे’ की तरह लोगों के दिलों में जगह बना पाती है या नहीं।

