कल यानी 17 अक्टूबर को नेशनल फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया गया था। जहां हिंदी सिनेमा से जुड़े कई दिग्गजों को इस खिताब से सम्मानित किया गया। आलिया भट्ट और कृति सेनन समेत कई सेलेब्स दिल्ली पहुंचे हुए थे।
देश के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स में से एक नेशनल फिल्म अवॉर्ड की विनर्स लिस्ट में शामिल होना फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हर कलाकार का सपना होता है। इस साल कई सितारों का ये ख्वाब पूरा हुआ। 24 अगस्त 2023 को 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड के विनर लिस्ट की अनाउंसमेंट की गई, जिसमें कई बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सितारे शामिल हैं। 69वीं नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स सेरेमनी में वेटरन एक्ट्रेस वहीदा रहमान को फिल्मों में उनके योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फिल्म पुष्पा के लिए अल्लू अर्जुन को बेस्ट एक्टर, गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए आलिया भट्ट और मिमी के लिए कृति सेनन को संयुक्त रूप से बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया है।
अल्लू अर्जुन: बेस्ट एक्टर फिल्म-पुष्पा
दिसंबर 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पा द राइज’ अल्लू अर्जुन का कैरेक्टर डार्क था। फिल्म में अल्लू एक मजदूर बने हैं, जिसकी ख्वाहिशें किसी राजा के जैसी हैं। फिल्म की स्टोरी लाइन आम जिंदगी से जुड़ी थी, जिसे अल्लू अर्जुन ने बखूबी निभाया। फिल्म के गाने भी काफी पसंद किए गए। फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 332 करोड़ रुपए की कमाई की थी। अल्लू अर्जुन का फिल्म में फेमस डायलॉग झुकेगा नहीं..काफी फेमस हुआ था। अब फिल्म का दूसरा पार्ट बन रहा है।

आलिया भट्ट: बेस्ट एक्ट्रेस फिल्म- गंगूबाई काठियावाड़ी
फरवरी 2021 में रिलीज हुई फिल्म गंगूबाई काठियावाडी असल जिंदगी की कहानी है। गंगूबाई 60 के दशक में मुंबई माफिया का बड़ा नाम थीं। बताया जाता है कि उन्हें पति ने महज पांच सौ रुपए के लिए बेच दिया था। इसके बाद उन्हें प्रॉस्टिट्यूशन के लिए मजबूर किया गया था। ग्लैमरस रोल करने के लिए पहचानी जानी वाली आलिया भट्ट ने गंगूबाई के डार्क कैरेक्टर को बखूबी निभाया। गंगूबाई के सेक्स वर्कर बनने का दर्द, राजनीति की ताकत मिलने की अकड़ को आलिया ने पर्दे पर पूरी सच्चाई से जिया।
गंगूबाई काठियावाड़ी ने एक नहीं बल्कि पांच नेशनल अवॉर्ड्स जीते। फिल्म के लिए आलिया को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। संजय लीला भंसाली को बेस्ट एडिटिंग और बेस्ट स्क्रीनप्ले का नेशनल अवॉर्ड मिला। संजय लीला भंसाली के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने 209.77 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था।

कृति सेनन: बेस्ट एक्ट्रेस फिल्म- मिमी
जुलाई 2021 में OTT पर रिलीज हुई फिल्म मिमी के लिए कृति सेनन को भी आलिया भट्ट के साथ बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है। यह फिल्म एक फोक डांसर की कहानी है, जो फिल्मों में अपना करियर बनाना चाहती है। ऐसे में पैसों के जुगाड़ के लिए वह सरोगेसी मदर बनने के लिए तैयार हो जाती है। इस फिल्म के लिए पंकज त्रिपाठी को भी बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला है।

रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट: बेस्ट फिल्म
आर. माधवन की फिल्म रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायणन के जीवन के संघर्ष की कहानी है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे नंबी नारायणन पर देशद्रोह का आरोप लगा और कैसे इससे वह मुक्त होकर PSLV का इंजन बनाते हैं। इस फिल्म में एक्टिंग से लेकर राइटिंग और डायरेक्शन तक सब कुछ आर. माधवन ने किया था। फिल्म में शाहरुख खान का कैमियो भी था।

नेशनल अवॉर्ड देने की शुरुआत 1954 में शुरू हुई थी
नेशनल फिल्म अवॉर्ड देश का सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार है। इसकी शुरुआत 1954 में हुई थी। बेस्ट फिल्म की कैटेगरी में सबसे पहला नेशनल अवॉर्ड मराठी फिल्म ‘श्यामची आई’ को मिला था। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा यह समारोह आयोजित किया जाता है। इसके बाद राष्ट्रपति इन पुरस्कारों का वितरण करते हैं।
कितनी कैटेगरी में दिए जाते हैं नेशनल अवॉर्ड?
नेशनल फिल्म अवॉर्ड के विजेताओं को दो कैटेगरी में रखा जाता है। इसके हिसाब से उन्हें प्राइज मनी और खिताब दिया जाता है। ये दो कैटेगरी हैं- पहला स्वर्ण कमल और दूसरा रजत कमल। स्वर्ण कमल विजेता को ज्यादा प्राइज मनी मिलती है, जबकि रजत कमल विजेता को कम।
स्वर्ण कमल विजेता को मिलने वाली प्राइज मनी
बेस्ट फीचर फिल्म- 2.5 लाख रुपये
इंदिरा गांधी अवॉर्ड- 1 लाख 25 हजार रुपये
बेस्ट चिल्ड्रन फिल्म- 1.5 लाख रुपये
दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड- 10 लाख रुपये
दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित विजेता को प्राइज मनी के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र और शॉल भी दिया जाता है। इस बार ये सम्मान दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान को मिला है।
रजत कमल विजेता को मिलने वाली प्राइज मनी
नरगिस दत्त अवॉर्ड- 1.5 लाख रुपये
सामाजिक मुद्दों पर बनी बेस्ट फिल्म- 1.5 लाख रुपये
बेस्ट असमिया फिल्म- 1.5 लाख रुपये
बेस्ट फिल्म- 1 लाख रुपये
बेस्ट एक्टर- 50 हजार रुपये
बेस्ट एक्ट्रेस- 50 हजार रुपय
गैर फीचर फिल्म- 50 हजार से 75 हजार रुपये
कौन देता है नेशनल फिल्म अवॉर्ड?
नेशनल फिल्म अवॉर्ड के विजेताओं को देश के राष्ट्रपति सम्मानित करते हैं। इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को सम्मानित किया। इसका आयोजन सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से किया जाता है।
2023 में किसे मिला नेशनल फिल्म अवॉर्ड?
बेस्ट फीचर- फिल्म सरदार उधम, रॉकेट्री-द नांबी इफेक्ट्स
बेस्ट एक्टर- अल्लू अर्जुन (पुष्पा- द राइज)
बेस्ट एक्ट्रेस- आलिया भट्ट (गंगूबाई काठियावाड़ी), कृति सेनन (मिमी)
बेस्ट डायरेक्शन- निखिल महाजन मराठी फिल्म गोदावरी
बेस्ट सपोर्टिंग- एक्ट्रेस पल्लवी जोशी (द कश्मीर फाइल्स)
बेस्ट सपोर्टिंग- एक्टर पंकज त्रिपाठी (मिमी)
स्पेशल जूरी अवॉर्ड- शेरशाह
बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन- डीएसपी (पुष्पा और आरआरआर)
नरगिस दत्त अवॉर्ड राष्ट्रीय एकता सर्वश्रेष्ठ फिल्म- द कश्मीर फाइल्स
बेस्ट कॉस्टयूम डिजाइनर- सरदार उधम सिंह
बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन- सरदार उधम सिंह
बेस्ट एडिटिंग- गंगूबाई काठियावाड़ी
बेस्ट कोरियोग्राफी- आर आर आर
बेस्ट सिनेमैटोग्राफी – सरदार उधम सिंह
बेस्ट मेल सिंगर- काल भैरव