- करनाल कोर्ट परिसर में रिश्वत लेते पकड़ा गया ASI कुलबीर सिंह
- एंटी करप्शन ब्यूरो ने गवाहों की मौजूदगी में की रंगेहाथ गिरफ्तारी
- पीड़ित ने कहा- भतीजे को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी थी 20 हजार
Karnal Bribery Case: हरियाणा के करनाल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार, 5 मई 2025 को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी मॉडल टाउन के ASI कुलबीर सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी जिला न्यायालय परिसर, करनाल में हुई जब आरोपी शिकायतकर्ता से नकद पैसे ले रहा था। एसीबी ने उसके खिलाफ अभियोग संख्या 13, दिनांक 05.05.2025, धारा 7, 7ए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 तथा 308(2), 61 भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके भतीजे यश के खिलाफ FIR नंबर 127, दिनांक 27.03.2025 में मामला दर्ज है जिसमें कई धाराएं (351(2), 191(3), 190, 129, 115 व 110 BNS) लगाई गई हैं। इस मामले की तफ्तीश ASI कुलबीर सिंह कर रहे थे। उन्होंने भतीजे को बिना परेशानी जांच में शामिल करने और परिवार के अन्य सदस्यों को न फंसाने के एवज में 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले ही 10,000 रुपये ले चुका था और अब शेष रकम की मांग कर रहा था।
जब शिकायतकर्ता उसे पैसे देने के लिए कोर्ट परिसर में मिला तो एसीबी की टीम पहले से तैयार थी और मौके पर ही उसे पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 105 के अंतर्गत की गई।

