➤ बरवाला से कांग्रेस विधायक रहे थे, हैफेड चेयरमैन भी रहे
➤ आज हसनगढ़ गांव में अंतिम यात्रा, गांव में शोक का माहौल
हरियाणा के हिसार जिले की बरवाला विधानसभा सीट से पूर्व कांग्रेस विधायक इंद्र सिंह नैन का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और हिसार के जिंदल अस्पताल में उपचाराधीन थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव हसनगढ़ में किया जाएगा।
पूर्व विधायक इंद्र सिंह नैन ने 1982 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था और 1987 तक बरवाला से विधायक रहे। इसके बाद वे हरियाणा विकास पार्टी से भी जुड़े और नरवाना से चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह हैफेड के चेयरमैन भी रहे और अपने कार्यकाल में किसानों के लिए अनाज खरीद केंद्रों की स्थापना करवाई।
उनकी कोई संतान नहीं थी, उन्होंने अपने भतीजे एडवोकेट जयवीर नैन को गोद लिया हुआ था। गांव हसनगढ़ में उनके निधन की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पर शोक प्रकट करने के लिए जमा हो गए हैं।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, जो वर्तमान में बरवाला के विधायक हैं, ने इंद्र सिंह नैन के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका जाना एक युग का अंत है।
पूर्व विधायक के भतीजे राजवीर नैन ने बताया कि इंद्र सिंह नैन जीवन भर समाजसेवा को ही अपना धर्म मानते रहे। वे अंतिम समय तक सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे और लोगों के सुख-दुख में शरीक होते थे।
कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “वह समाजसेवा की भावना से ओतप्रोत एक सच्चे जननेता थे। उनका जीवन संघर्ष और सेवा की मिसाल है, उनका जाना अपूर्णीय क्षति है।”

