➤ हरियाणा के 9 जिलों में तेज बारिश शुरू
➤ HTET परीक्षा में भीगते पहुंचे अभ्यर्थी
➤ 16 जिलों में मौसम अलर्ट, मगरमच्छ देखे जाने से दहशत
हरियाणा में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और इसका सीधा असर आज प्रदेशभर में हो रही HTET परीक्षा पर भी देखने को मिल रहा है। अलसुबह से हिसार, पानीपत, सोनीपत, जींद, फतेहाबाद, सिरसा और महेंद्रगढ़-नारनौल समेत कुल 9 जिलों में तेज बारिश हो रही है। वहीं चरखी दादरी और झज्जर में रुक-रुककर बूंदाबांदी जारी है। अंबाला, कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम में रातभर जमकर बारिश हुई, जिससे सुबह तक सड़कों पर कीचड़ और जलभराव के हालात बन गए।

इस बीच प्रदेशभर में HTET परीक्षा का आयोजन हो रहा है, और सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थी बारिश में भीगते हुए छाता लेकर एग्जाम सेंटरों पर पहुंचते नजर आए। कई जिलों में अभ्यर्थियों को सेंटरों पर समय से पहुंचने में दिक्कत हुई, लेकिन अधिकांश जगहों पर प्रशासन ने व्यवस्था को संभाल रखा है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र के मुताबिक, हरियाणा के 16 जिलों में आज गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ये जिले हैं: सिरसा, हिसार, भिवानी, फतेहाबाद, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, पंचकूला और यमुनानगर। साथ ही अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल और सोनीपत में भी बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिन तक हरियाणा का मौसम खराब बना रहेगा। इससे न केवल परीक्षार्थियों को दिक्कत होगी बल्कि यातायात, ग्रामीण इलाकों में फसलों और जनजीवन पर भी असर पड़ेगा।

इसी बीच एक चौंकाने वाली घटना कुरुक्षेत्र के दबखेड़ी गांव में सामने आई, जहां रात की बारिश के बाद एक ड्रेन में मगरमच्छ देखा गया। इसे लेकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग की टीम ने ड्रेन में जाल डाल दिया है, और मौसम साफ रहने पर आज रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। मगरमच्छ की मूवमेंट रात को भी देखी गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

