➤ हरियाणा CM नायब सैनी ने सुनाम में दी शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि
➤ हरियाणा और पंजाब के बीच एकता का प्रतीक बना यह दौरा
➤ शहीद दिवस पर हरियाणा में पहली बार छुट्टी घोषित
समालखा,अशोक शर्मा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब के संगरूर जिले के सुनाम में आयोजित शहीद उधम सिंह के 86वें शहीदी दिवस समारोह में भाग लेकर सकारात्मक राजनीति और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है। यह पहला मौका है जब हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब में जाकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और जलियांवाला बाग के प्रतिशोधी माने जाने वाले शहीद उधम सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
स्थानिय गुरुद्वारा कमेटी मॉडल टाउन के प्रधान जगतार सिंह बिल्ला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति ने दोनों राज्यों के बीच भावनात्मक और सांस्कृतिक सेतु का निर्माण किया है। यह दौरा हरियाणा और पंजाब के लोगों के बीच भाईचारे और आपसी सहयोग की नई इबारत लिखने वाला साबित होगा।
बिल्ला ने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस वर्ष पहली बार उधम सिंह शहादत दिवस पर अवकाश घोषित किया, जो इस महान शहीद को सम्मान देने की दिशा में बड़ा कदम है। यह फैसला यह दर्शाता है कि राज्य सरकार स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को नमन करने और उनके आदर्शों को जीवित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे प्रतीक हैं, जिन्होंने ब्रिटिश अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद की और जलियांवाला बाग हत्याकांड के मास्टरमाइंड माइकल ओ’डायर की लंदन में हत्या करके प्रतिशोध लिया। उनकी देशभक्ति आज भी हर भारतीय को प्रेरित करती है।

